पश्चिम बंगाल के चुनाव खत्म होने के बाद ममता बनर्जी की सरकार ने राज्य में आंशिक लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है। इसके तहत शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, ब्यूटी पार्लर, सिनेमा हॉल, स्पोर्ट्स फैसिलिटीज बंद रहेंगी। जबकि मार्केट हर दिन सुबह 7 बजे 10 बजे और शाम को 3 बजे से 5 बजे तक यानी सिर्फ 5 घंटा खुले रहेंगे।
लॉकडाउन के तहत रेस्तरां, बार, जिम और स्वीमिंग पुल बंद रहेंगे। राज्य सरकार ने कहा कि इस दौरान जरूरी चीजों की होम डिलीवरी होती रहेगी।
पश्चिम बंगाल में सभी सोशल, कल्चरल, एंटरटेनमेंट और एकेडमिक भीड़-भाड़ पर पाबंदी है। इस लॉकडाउन का फार्मा की दुकानों, मेडिकल उपकरण बेचने वाली दुकानों और ग्रॉसरी की दुकानों पर कोई असर नहीं होगा।
पश्चिम बंगाल में 8 चरण में हुआ चुनाव खत्म हो गया है। मतों की गणना 2 मई को होगी। राज्य सरकार ने कहा है कि मतगणना के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जााएगा।
पिछले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल में कोरोनावायरस संक्रमण के मामलों ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इस दौरान 17,403 नए मामले सामने आए हैं। यहां महामारी से मरने वालों की दर भी ज्यादा है। पिछले एक दिन में 89 लोगों की मौत हुई है।