WHO की वेबसाइट पर चीन और पाकिस्‍तान में दिखा जम्‍मू कश्‍मीर, TMC सांसद ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

TMC सांसद सांतनू सेन ने प्रधानमंत्री मोदी को एक पत्र लिखकर WHO की वेबसाइट पर दिखाई दे रहे जम्‍मू-कश्‍मीर के हिस्‍से को चीन में दिखाए जाने पर आपत्ति जाहिर की है

अपडेटेड Jan 31, 2022 पर 11:21 AM
WHO की वेबसाइट पर कोरोना वायरस मामलों के मैप पर जम्मू-कश्मीर को चीन और पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद शांतनु सेन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की वेबसाइट पर कथित तौर पर भारत का गलत मैप पेश किए जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर आपत्ति जाहिर की है। सेन का दावा है कि WHO की वेबसाइट पर जो कोरोना वायरस मामलों का मैप है उस पर जम्मू-कश्मीर को चीन और पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है। इन पर टीएमसी सांसद ने कड़ी आपत्ति जताते हुए अपने पत्र में इसका जिक्र किया है।

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, पीएम मोदी को लिखे अपने पत्र में तृणमूल सांसद शांतनु सेन ने लिखा है कि मैं आपके ध्यान में लाना चाहता हूं कि कोरोना की वैश्विक स्थिति जानने के लिए मैं WHO की वेबसाइट पर गया तो मुझे एक नक्शा दिखा। जब मैंने उसे जूम कर देखा तो मैं चौंक गया, क्योंकि जम्मू-कश्मीर को दो अलग रंगों में दिखाया गया है।

Budget 2022: आज से शुरू होगा संसद का बजट सत्र, खुलेगा देश की आर्थिक सेहत का राज


सेन ने अपने पत्र में आगे लिखा कि मैंने भारत के नीले रंग वाले हिस्से के बाद उस हिस्से पर क्लिक किया तो उसमें पाकिस्तान की कोरोना स्थिति नजर आने लगी, जबकि अन्य हिस्से में चीन का आंकड़ा नजर आने लगा। उनका दावा है कि नक्शे में भारत के अभिन्‍न अंग अरुणाचल प्रदेश को भी भारत से अलग दिखाया गया है।

टीएमसी सांसद ने कहा कि मेरा मानना है कि यह एक गंभीर अंतर्राष्ट्रीय मामला है और हमारी सरकार को इस पर एक्शन लेना चाहिए। सेन ने पीएम को लिखे पत्र के जरिए सरकार से और अधिक चौकन्‍ना रहने को कहा है और ये भी कहा है कि वो इस मुद्दे को उठाएं।

पत्र में कहा गया है कि सरकार को इस गलती में सुधार करने के लिए विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन से तुरंत कहना चाहिए और इस पर तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को भी इसके प्रति जानकारी दी जानी जरूरी है कि आखिर इतनी बड़ी गलती इतने समय तक क्‍यों होती रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।