केंद्रीय जांच एजेंसी ने देश के सबसे बड़े घोटाले में दीवान हाउसिंग फाइनेंस कंपनी (DHFL) के वधावन ब्रदर्स के खिलाफ नया केस दर्ज किया है। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा बैंक फर्जीवाड़ा है। इसमें DHFL पर आरोप है कि उसने यूनियन बैंक की अगुवाई वाले 17 बैंकों के कंसोर्शियम या ग्रुप को 34,615 करोड़ रुपए का चूना लगाया है।
CBI ने इस मामले में मुंबई में 12 जगहों पर छापेमारी भी की है। जांच एजेंसी ने DHFL के कपिल वधावन, कंपनी के CMD धीरज वधावन, डायरेक्टर सहित 6 रियल्टी कंपनियों के खिलाफ केस दर्ज किया है जो इस घपले का हिस्सा बने हैं।
11 फरवरी 2022 को बैंक ने एक शिकायत दर्ज की थी। इसी आधार पर CBI ने यह केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू की है।
Yes Bank घोटाले से जुड़े मामले में वधावन के खिलाफ पहले से ही शिकायत दर्ज है। DHFL ने यूनियन बैंक की अगुवाई में 17 बैंकों को 34,615 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा देश के दूसरे बड़े घोटालों में नीरव मोदी और मेहुल चोकसी का घोटाला है। इन दोनों ने मिलकर पंजाब नेशनल बैंक को 13,000 करोड़ रुपए का चूना लगाया है। स्टर्लिंग बायोटेक के संदेसर ने 16,000 करोड़ रुपए और विजय माल्या ने 9000 करोड़ रुपए का झटका दिया है।