Emerald Tyre IPO allotment: एमराल्ड टायर मैन्युफैक्चरर्स के आईपीओ को निवेशकों का मजबूत रिस्पॉन्स मिला है। मजबूत सब्सक्रिप्शन के बाद अब सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 10 दिसंबर को होने की उम्मीद है। जिन लोगों ने एमराल्ड टायर मैन्युफैक्चरर्स के आईपीओ में दांव लगाया है, वे अपना अलॉटमेंट स्टेटस एप्लिकेशन नंबर या पैन डिटेल के जरिए चेक कर सकेंगे। इसके लिए निवेशकों को रजिस्ट्रार, लिंक इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। बता दें कि इस इश्यू का प्राइस बैंड 90-95 रुपये प्रति शेयर था।
Emerald Tyre Manufacturers IPO: ऐसे चेक करें अलॉटमेंट स्टेटस
स्टेप 1: अलॉटमेंट स्टेटस चेक करने के लिए निवेशकों को लिंक इनटाइम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसका लिंक है: https://linkintime.co.in/initial_offer/
स्टेप 2: ड्रॉपडाउन मेनू से कंपनी का चयन करें।
स्टेप 3: आप पैन, एप्लिकेशन नंबर या डीपी क्लाइंट आईडी जैसे डिटेल भरकर अपनी अलॉटमेंट स्टेटस चेक कर सकते हैं।
स्टेप 4: इसके बाद सबमिट बटन दबाएं और आपका अलॉटमेंट स्टेटस स्क्रीन पर आ जाएगा।
Emerald Tyre का IPO 488 गुना सब्सक्राइब
एमराल्ड टायर मैन्युफैक्चरर्स का आईपीओ आज 9 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन तक 488.52 गुना सब्सक्राइब हुआ है। NSE पर सब्सक्रिप्शन डेटा के अनुसार निवेशकों ने कुल 181.78 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए आवेदन किया, जबकि ऑफर साइज 37.21 लाख शेयर था। नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने अपने लिए आवंटित कोटे के मुकाबले इश्यू को करीब 913 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स ने करीब 558 गुना सब्सक्राइब किया है।
मजबूत सब्सक्रिप्शन के साथ ही एमराल्ड टायर मैन्युफैक्चरर्स आईपीओ के ग्रे मार्केट प्रीमियम में भी तगड़ा उछाल आया है। आज 9 दिसंबर को यह इश्यू ग्रे मार्केट में 95 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 190 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों का पैसा सीधे डबल हो जाएगा। हालांकि, ग्रे मार्केट की स्थिति लगातार बदलती रहती है।
एमराल्ड टायर मैन्युफैक्चरर्स लिमिटेड की स्थापना 2002 में हुई है। कंपनी कई तरह के टायरों का प्रोडक्शन, सप्लाई और सर्विसिंग करती है। इसके तहत ऑफ-हाइवे टायर और व्हील सर्विसेज के माध्यम से कंप्लीट सॉल्यूशन प्रोवाइड किया जाता है। इसकी टायर, ट्यूब और पहियों की 10,560 मीट्रिक टन की स्थापित प्रोडक्शन कैपिसिटी है।
कंपनी अपने प्रोडक्ट्स को "GRECKSTER" ब्रांड के तहत बेचती है। इसके प्रोडक्ट्स को यूएई, रूस, यूएसए, बेल्जियम, जर्मनी, नीदरलैंड, हंगरी, पुर्तगाल, इटली और डेनमार्क पोलैंड को एक्सपोर्ट किया जाता है। 31 मार्च 2024 तक कंपनी में 224 स्थायी और 191 कॉन्ट्रैक्चुअल एम्प्लॉई थे।
Emerald Tyre का फाइनेंशियल
फाइनेंशियल की बात करें तो मार्च 2024 को समाप्त वर्ष में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट पिछले वर्ष के 8.9 करोड़ रुपये से बढ़कर 12.1 करोड़ रुपये हो गया। वर्ष के दौरान रेवेन्यू बढ़कर 170.98 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2023 में 163.9 करोड़ रुपये था।