IPO News: अगले हफ्ते एक साथ 4 इश्यू खुल रहे हैं, एक है शंकर शर्मा की फेवरेट कंपनी, आप किसमें निवेश करेंगे?

IPO Next week: अगले हफ्ते सुला विनयार्ड्स, अबांस होल्डिंग्स, लैंडमार्क कार्स के साथ एक और आईपीओ आ रहा है जो साइज में छोटा लेकिन काम में बड़ा है. आप भी इन IPO के बारे में जानिए और तय कीजिए की आपको किस इश्यू में पैसा लगाने का मन है

अपडेटेड Dec 10, 2022 पर 3:28 PM
Story continues below Advertisement
IPO Next Week: जानिए अगले हफ्ते आने वाले सभी इश्यू की डिटेल और फिर निवेश का फैसला कीजिए

IPO News: 12 दिसंबर से शुरू होने वाला हफ्ता प्राइमरी मार्केट के लिए काफी शानदार रहने वाला है। 12 और 13 दिसंबर को कुल मिलाकर 4 आईपीओ लॉन्च होने वाले हैं। ये चारों आईपीओ कुल मिलाकर करीब 1800 करोड़ रुपए के हैं। 12 दिसंबर को देश की सबसे बड़ी वाइन बनाने और बेचने वाली कंपनी सुला विनयार्ड्स (Sula Vineyards) का इश्यू खुल रहा है। इस IPO का इश्यू प्राइस 340-357 रुपए है। कंपनी 2.69 करोड़ शेयरों की बिक्री से 960 करोड़ रुपए जुटाने वाली है। यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। कंपनी के प्रमोटर राजीव सामंत और निवेशक कोफिंट्रा (Cofintra SA), वर्लइनवेस्ट (Verlinvest SA), वर्लइनवेस्ट फ्रांस (Verlinvest France SA), सामा कैपिटल III (Saama Capital III Ltd), स्विप होल्डिंग्स ( SWIP Holdings) और हेस्टैक इनवेस्टमेंट्स (Haystack Investments) शामिल हैं। कंपनी का इश्यू 12 दिसंबर को खुलकर 14 दिसंबर को बंद होगा। इस इश्यू में कोफिंट्रा (Cofintra SA), वर्लइनवेस्ट (Verlinvest SA), वर्लइनवेस्ट फ्रांस (Verlinvest France SA) अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचकर कंपनी से पूरी तरह निकल जाएंगे।

Abans Holdings है दूसरा IPO

सोमवार 12 दिसंबर को ही एक और इश्यू Abans Holdings खुल रहा है। यह Abans Group का हिस्सा है। इसका इश्यू 15 दिसंबर को बंद होने वाला है। फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर की इस कंपनी की शुरुआत 2009 में हुई थी। कंपनी IPO के जरिए 1.28 करोड़ शेयर बेचकर 345.60 करोड़ रुपए जुटाने वाली है। इसमें 102.6 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू और 243 करोड़ रुपए का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। कंपनी के प्रमोटर अभिषेक बंसल अपनी हिस्सेदारी OFS में बेच रहे हैं।


Abans Holdings का इश्यू प्राइस 256-270 रुपए है। IPO से जुटाए गए फंड का इस्तेमाल कंपनी अपनी NBFC सब्सिडियरी अबांस फाइनेंस (Abans Finance) के कैपिटल बैस को बढ़ाने में करेगी। इसके साथ ही दूसरी कारोबारी कामकाज में भी पैसे का इस्तेमाल किया जाएगा।

Landmark Cars का इश्यू जानिए कब खुलेगा?

प्रीमियम ऑटोमोटिव रिटेलर कंपनी Landmark Cars का इश्यू 13 दिसंबर को खुलेगा। 12 दिसंबर को कंपनी अपने एंकर इनवेस्टर्स से फंड जुटाएगी। देशभर के 8 राज्यों में Landmark Cars के 112 से ज्यादा आउटलेट हैं। कंपनी के पास मर्सिडीज-बेंज (Mercedes-Benz), होंडा (Honda), जीप (Jeep), Volkswagen (वोक्सवेगन) और रेनॉल्ट (Renault) की डीलरशिप है।

Landmark Cars का आईपीओ 13 दिसंबर को खुलकर 15 दिसंबर को बंद होगा। कंपनी का इश्यू प्राइस 481-506 रुपए है। कंपनी के कर्मचारियों को इश्यू प्राइस पर 48 रुपए का डिस्काउंट मिल रहा है। Landmark Cars 1.09 करोड़ शेयर बेचकर 552 करोड़ रुपए जुटा रही है। इसमें 150 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू यानि नए शेयर जारी होंगे। बाकी 402 करोड़ रुपए के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) में बेचे जाएंगे। कंपनी के प्रमोटर और निवेशक ऑफर फॉर सेल में अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं। कंपनी के प्रमोटर संजय करसनदास ठक्कर के अलावा निवेशक TPG Growth II SF, आस्था और गरिमा मिश्रा अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं।

Droneacharya का भी खुलेगा इश्यू

दिग्गज निवेशक शंकर शर्मा की नई पसंदीदा कंपनी Droneacharya Aerial Innovations का भी इश्यू 13 दिसंबर को खुलने वाला है। कंपनी का इश्यू 15 दिसंबर को बंद होगा। पुणे की इस ड्रोन स्टार्टअप ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशंस (Droneacharya Aerial Innovations) IPO से  34 करोड़ रुपए जुटाने वाली है। इस इश्यू में 2000 शेयरों का लॉट है। इसका इश्यू प्राइस 52-54 रुपए है। इसलिए इसमें कम से कम 1.08 लाख रुपए लगाने होंगे। इसके शेयरों का अलॉटमेंट 20 दिसंबर को होगा और बीएसई एसएमई पर 23 दिसंबर को लिस्टिंग होगी। ग्रे मार्केट में इसके शेयर 66 रुपये की GMP पर ट्रेड हो रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।