IPO News: 12 दिसंबर से शुरू होने वाला हफ्ता प्राइमरी मार्केट के लिए काफी शानदार रहने वाला है। 12 और 13 दिसंबर को कुल मिलाकर 4 आईपीओ लॉन्च होने वाले हैं। ये चारों आईपीओ कुल मिलाकर करीब 1800 करोड़ रुपए के हैं। 12 दिसंबर को देश की सबसे बड़ी वाइन बनाने और बेचने वाली कंपनी सुला विनयार्ड्स (Sula Vineyards) का इश्यू खुल रहा है। इस IPO का इश्यू प्राइस 340-357 रुपए है। कंपनी 2.69 करोड़ शेयरों की बिक्री से 960 करोड़ रुपए जुटाने वाली है। यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। कंपनी के प्रमोटर राजीव सामंत और निवेशक कोफिंट्रा (Cofintra SA), वर्लइनवेस्ट (Verlinvest SA), वर्लइनवेस्ट फ्रांस (Verlinvest France SA), सामा कैपिटल III (Saama Capital III Ltd), स्विप होल्डिंग्स ( SWIP Holdings) और हेस्टैक इनवेस्टमेंट्स (Haystack Investments) शामिल हैं। कंपनी का इश्यू 12 दिसंबर को खुलकर 14 दिसंबर को बंद होगा। इस इश्यू में कोफिंट्रा (Cofintra SA), वर्लइनवेस्ट (Verlinvest SA), वर्लइनवेस्ट फ्रांस (Verlinvest France SA) अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचकर कंपनी से पूरी तरह निकल जाएंगे।
