IPO निवेशकों को इस हफ्ते भी निवेश के कई बेहतरीन मौके मिलने वाले हैं। इस हफ्ते 4 कंपनियों के आईपीओ खुलेंगे। इतना ही नहीं, अगले 5 दिनों में शेयर बाजार में 6 कंपनियों की लिस्टिंग होने वाली है। जिन 4 कंपनियों के आईपीओ खुलने वाले हैं उनमें एक मेनबोर्ड आईपीओ और शेष 3 स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (SME) सेगमेंट से हैं। इनमें Utkarsh Small Finance Bank, Kaka Industries, Ahasolar Technologies और Service Care शामिल हैं। इसके अलावा, दो ऐसी कंपनियां भी हैं जिनमें बोली शुरू हो चुकी है और अब भी निवेश का मौका है। आइए जानते हैं ये कौन सी कंपनियां हैं।
Utkarsh Small Finance Bank IPO
उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक का आईपीओ 12 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। यह एक मेनबोर्ड आईपीओ है और इसके लिए 23-25 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। 500 करोड़ रुपये का ऑफर 14 जुलाई को बंद हो जाएगा। QIB के लिए इसकी एंकर बुक 11 जुलाई को एक दिन के लिए खुलेगी। बैंक ने ऑफर साइज का 75 फीसदी हिस्सा QIB के लिए, 15 फीसदी हाई-नेटवर्थ इंडिविजुअल के लिए और शेष 10 फीसदी रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रखा है। यह ऑफर फ्रेश इश्यू पर बेस्ड है। कंपनी ने कहा है कि इस आय का उपयोग भविष्य की पूंजी जरूरतों को पूरा करने के लिए टियर - 1 कैपिटल बेस को बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
पॉलिमर-बेस्ड प्रोफाइल मैन्युफैक्चरर काका इंडस्ट्रीज का आईपीओ 10 जुलाई को खुलेगा। कंपनी ने 7 जुलाई को एंकर बुक के माध्यम से 6 करोड़ रुपये से अधिक जुटा लिए हैं। कंपनी 55-58 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड में 21.23 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। यह ऑफर 12 जुलाई को बंद होगा।
Ahasolar Technologies IPO
सोलर एनर्जी सॉल्यूशन प्रोवाइडर Ahasolar Technologies का 12.85 करोड़ रुपये का आईपीओ भी 10 जुलाई को खुलेगा। यह फिक्स्ड प्राइस इश्यू है जिसके लिए 157 रुपये प्रति शेयर का प्राइस तय किया गया है। यह ऑफर 13 जुलाई को बंद हो जाएगा।
स्टाफिंग और आउटसोर्सिंग सर्विसेज प्रोवाइडर Service Care का आईपीओ 14 जुलाई को खुलेगा और 18 जुलाई को बंद होगा। 30.86 लाख शेयरों वाले आईपीओ के लिए इश्यू प्राइस अभी तय नहीं हुआ है।
इन कंपनियों के आईपीओ में निवेश का अब भी है मौका
ड्रोन ट्रेनिंग देने वाली कंपनी ड्रोन डेस्टिनेशन (Drone Destination) का आईपीओ 7 जुलाई से खुल चुका है और यह 13 जुलाई को बंद हो जाएगा। डिजिटल टेक्नोलॉजी सर्विस कंपनी AccelerateBS का आईपीओ भी 6 जुलाई से खुल चुका है और निवेशक इसमें 11 जुलाई तक निवेश कर सकते हैं। यानी इन दोनों कंपनियों में अब भी निवेश का मौका है।
इन कंपनियों की होगी लिस्टिंग
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज और सॉल्यूशन प्रोवाइडर Cyient DLM के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 10 जुलाई होने वाली है। इसका फाइनल इश्यू प्राइस 265 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। एक्सपर्ट्स को Cyient DLM की बंपर लिस्टिंग की उम्मीद है। एनालिस्ट्स ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि इसके शेयर ग्रे मार्केट में इश्यू प्राइस से लगभग 50 फीसदी प्रीमियम पर उपलब्ध हैं। ग्रे मार्केट एक अनऑफिशियल मार्केट है जहां लिस्टिंग के दिन तक शेयर खरीदे और बेचे जाते हैं। इसे आम तौर पर लिस्टिंग प्राइस का अंदाजा लगाने के लिए ट्रैक किया जाता है।
कोलकाता स्थित ज्वेलरी कंपनी Senco Gold के शेयरों की लिस्टिंग 14 जुलाई को होगी। ग्रे मार्केट में यह 317 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस से 35 फीसदी प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है।
SME सेगमेंट में चार लिस्टिंग
SME सेगमेंट में चार लिस्टिंग होंगी। पीईटी स्ट्रेच ब्लो मोल्डिंग मशीन निर्माता Global Pet Industries के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 10 जुलाई को होगी। टेक्नोलॉजी कंपनियां Synoptics Technologies और Tridhya Tech की लिस्टिंग 13 जुलाई को होगी, जबकि इंडस्ट्रियल और इंस्टीट्यूशनल स्टोरेज सिस्टम मेकर Alphalogic Industries के शेयर 14 जुलाई को लिस्ट होंगे।