Kusumgar IPO: एंकर इनवेस्टर्स ने कर दी पैसों की बारिश, आज से पब्लिक के लिए खुला दिग्गज कंपनी का ₹650 करोड़ का मेगा आईपीओ
Kusumgar IPO: मुंबई की दिग्गज कंपनी Kusumgar का ₹650 करोड़ का इश्यू आज यानी 8 जुलाई से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। यह इश्यू 10 जुलाई तक खुला रहेगा। पब्लिक के लिए ओपन होने से ठीक एक दिन पहले, कंपनी ने एंकर इनवेस्टर्स के जरिए ₹193.95 करोड़ का तगड़ा फंड जुटा लिया है। जानिए इसकी सभी जरूरी डिटेल्स
कंपनी ने इस आईपीओ के लिए ₹398 से ₹419 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है
Kusumgar IPO Details: आईपीओ में पैसे लगाकर कमाई करने वाले निवेशकों के लिए एक और बड़ा मौका आ गया है। एयरोस्पेस, डिफेंस और ऑटोमोटिव सेक्टर के लिए खास तरह के फैब्रिक्स बनाने वाली मुंबई की दिग्गज कंपनी कुसुमगार का ₹650 करोड़ का इश्यू आज यानी 8 जुलाई से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। यह इश्यू 10 जुलाई तक खुला रहेगा।
पब्लिक के लिए ओपन होने से ठीक एक दिन पहले, कंपनी ने एंकर इनवेस्टर्स के जरिए ₹193.95 करोड़ का तगड़ा फंड जुटा लिया है। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, कंपनी ने 7 जुलाई को 15 एंकर निवेशकों को ₹419 प्रति शेयर के अपर प्राइस बैंड पर 46.28 लाख इक्विटी शेयर अलॉट किए हैं।
प्राइस बैंड और आईपीओ का पूरा शेड्यूल
प्राइस बैंड: कंपनी ने इस आईपीओ के लिए ₹398 से ₹419 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।
कब से कब तक खुला रहेगा: यह मेगा आईपीओ 8 जुलाई को खुलकर 10 जुलाई को बंद होगा।
इश्यू का साइज: यह पूरा आईपीओ ₹650 करोड़ का है, जो पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) है। यानी इसमें कोई भी नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा और बिक्री से मिलने वाली पूरी रकम प्रमोटर्स सिद्धार्थ योगेश कुसुमगार, सपना कुसुमगार और सिद्धार्थ योगेश कुसुमगार HUF के पास जाएगी। कंपनी का मुख्य उद्देश्य स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्टिंग का लाभ उठाना है।
लीड मैनेजर्स: इस इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर्स एक्सिस कैपिटल, आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स हैं।
एंकर इनवेस्टर्स में बड़े-बड़े ग्लोबल और घरेलू नाम शामिल
कुसुमगार के बिजनेस मॉडल पर घरेलू और विदेशी दोनों ही संस्थागत निवेशकों ने बड़ा भरोसा जताया है:
घरेलू म्यूचुअल फंड्स: भारत के 9 म्यूचुअल फंड घरानों ने अपनी 18 स्कीमों के जरिए इसमें हिस्सा लिया और कुल 31.26 लाख शेयर हासिल किए। इनमें निप्पॉन इंडिया, एसबीआई, व्हाइटओक कैपिटल, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, मिराए एसेट, मोतीलाल ओसवाल, बंधन, टाटा और एक्सिस म्यूचुअल फंड जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
इंश्योरेंस कंपनियां: एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस और कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस ने मिलकर ₹12.9 करोड़ मूल्य के 3.08 लाख शेयर खरीदे हैं।
ग्लोबल इनवेस्टर्स: दुनिया के दिग्गज संस्थागत निवेशकों- ब्लैकरॉक ग्लोबल फंड्स और गोल्डमैन सैक्स में से प्रत्येक ने करीब ₹20-20 करोड़ का निवेश करते हुए 4.77 लाख शेयर खरीदे हैं।
क्या करती है कंपनी?
कुसुमगार लिमिटेड एयरोस्पेस और डिफेंस, इंडस्ट्रियल और ऑटोमोटिव, और आउटडोर और लाइफस्टाइल सेगमेंट के लिए एडवांस्ड इंजीनियरिंग फैब्रिक्स बनाती है। कंपनी के गुजरात में 6 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट और उत्तर प्रदेश में 1 फैब्रिकेशन यूनिट है।
यह कंपनी डिफेंस सेक्टर के लिए पैराशूट सिस्टम, स्टील्थ सॉल्यूशंस और रैपिड डिप्लॉयमेंट सिस्टम जैसे बेहद संवेदनशील और आधुनिक उत्पाद बनाती है। इसके अलावा ऑटोमोटिव और गारमेंट इंडस्ट्री के लिए भी स्पेशलाइज्ड फैब्रिक तैयार करती है।
कंपनी की कुल कमाई में एयरोस्पेस व डिफेंस फैब्रिक्स का 32%, एयरोस्पेस व डिफेंस सॉल्यूशंस का 23%, इंडस्ट्रियल व ऑटोमोटिव फैब्रिक्स का 24% और आउटडोर व लाइफस्टाइल फैब्रिक्स का 19% योगदान है।
कैसी है कंपनी की फाइनेंशियल सेहत?
वित्तीय वर्ष 2025-26 (FY26) में कंपनी के वित्तीय नतीजों में थोड़ी सुस्ती देखी गई है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 12.3% घटकर ₹98.2 करोड़ रहा, जो इससे पिछले साल ₹112 करोड़ था। कंपनी का कुल रेवेन्यू भी 11.2% की गिरावट के साथ ₹692 करोड़ पर आ गया, जो बीते साल ₹779 करोड़ था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।