Lakshya Powertech SME IPO subscription status: इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी और कॉन्ट्रैक्टिंग कंपनी लक्ष्य पावरटेक के आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन तक यह इश्यू 167.79 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसे कुल 31.69 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल गई है, जबकि ऑफर पर 18.88 लाख शेयर हैं। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 49.91 करोड़ रुपये जुटाने का है। इश्यू के लिए 171-180 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा गया है। इस आईपीओ के तहत केवल फ्रेश शेयर जारी किए गए हैं, जिसका मतलब है कि आईपीओ से होने वाली पूरी आय कंपनी को जाएगी।
Lakshya Powertech IPO का सब्सक्रिप्शन स्टेटस
अलग-अलग कैटेगरी के लिए सब्सक्रिप्शन की बात करें तो इस आईपीओ में सबसे ज्यादा रिटेल निवेशकों ने दांव लगाया है और उनके लिए रिजर्व हिस्सा 254.80 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसके अलावा, नॉन इंस्टीट्यूशनल बायर्स के हिस्से को 206.68 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के हिस्से को 12.78 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।
Lakshya Powertech IPO के बारे में
सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 21 अक्टूबर, 2024 को होने की उम्मीद है। इस आईपीओ में आवेदन के लिए मिनिमम लॉट साइज 800 शेयर है। रिटेल निवेशकों को इसमें कम से कम ₹144,000 का निवेश करना होगा। इस इश्यू में कर्मचारियों के लिए 72000 शेयर रिजर्व किए गए हैं। उन्हें इश्यू प्राइस पर 15 रुपये का डिस्काउंट ऑफर किया गया है।
कंपनी आईपीओ से होने वाली आय का इस्तेमाल कुछ बकाया उधारों के प्रीपेमेंट या रीपेमेंट के लिए करेगी। इसके अलावा, फंड का उपयोग कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने कि लिए और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। कंपनी के प्रमोटर राजेश ऐनी और प्रिया बांधवी ऐनी हैं। GYR कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड लक्ष्य पावरटेक IPO का बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि Kfin Technologies Limited इस इश्यू का रजिस्ट्रार है। लक्ष्य पावरटेक IPO के लिए मार्केट मेकर गिरिराज स्टॉक ब्रोकिंग है।
Lakshya Powertech का कारोबार
लक्ष्य पॉवरटेक लिमिटेड साल 2012 में इनकॉर्पोरेट हुई है। कंपनी गुजरात, दादरा और नगर हवेली में इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी और कॉन्ट्रैक्टिंग का कारोबार करती है। कंपनी की मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल सर्विसेज में एक्सपर्टाइज है। कंपनी की मुख्य रूप से चार सेक्टर्स में भागीदारी की है, जिसमें तेल, गैस, बिजली, रिन्यूएबल एनर्जी और इंडस्ट्रियल शामिल है।
कंपनी ने फ्रीलांस पावर जेनरेशन कंसल्टेंसी से गैस-फायर्ड पावर प्लांट और बड़ी पावर जनरेशन प्रोजेक्ट्स के लिए ऑपरेशन और मेंटेनेंस (O&M) में तेजी से विस्तार किया। कंपनी ने 2023 में ₹53.11 करोड़ के मुकाबले 2024 में ₹149.42 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया। इसके अलावा, इसने 2023 में ₹2.71 करोड़ के प्रॉफिट के मुकाबले 2024 में ₹14.95 करोड़ का मुनाफा कमाया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।