Laxmi Dental IPO: लक्ष्मी डेंटल लिमिटेड का आईपीओ 13 जनवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 698.06 करोड़ रुपये जुटाने का है। निवेशकों के पास इस पब्लिक इश्यू में 15 जनवरी तक निवेश का मौका रहेगा। इसके लिए 407-428 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी ने आईपीओ खुलने से पहले एंकर निवेशकों से 314 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। ग्रे मार्केट से भी इस आईपीओ को पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर होगी।
Laxmi Dental IPO के बारे में
लक्ष्मी डेंटल के आईपीओ के तहत 138 करोड़ रुपये के 32.24 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, ऑफर फॉर सेल के जरिए 560.06 करोड़ रुपये के 1.31 करोड़ शेयरों की बिक्री की जाएगी।
इस आईपीओ में निवेशक मिनिमम 33 शेयर और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों को इसमें कम से कम 14,124 रुपये का निवेश करना होगा। सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 16 जनवरी को होने की उम्मीद है। वहीं, शेयरों की लिस्टिंग के लिए संभावित तारीख 20 जनवरी होगी।
लिंक इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को आगामी आईपीओ के लिए आधिकारिक रजिस्ट्रार के रूप में नियुक्त किया गया है। नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट, मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स और एसबीआई कैपिटल मार्केट आईपीओ के लिए लीड मैनेजर हैं।
लक्ष्मी डेंटल लिमिटेड के आईपीओ को ग्रे मार्केट में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। आज यह पब्लिक इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 145 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 573 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को लिस्टिंग पर करीब 34 फीसदी का तगड़ा मुनाफा होगा। हालांकि, ध्यान रहे कि ग्रे मार्केट में स्थिति लगातार बदलती रहती है।
लक्ष्मी डेंटल लिमिटेड की स्थापना जुलाई 2004 में की गई थी। यह एक इंटीग्रेटेड डेंटल प्रोडक्ट्स कंपनी है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में कस्टम क्राउन्स और ब्रिजेस, क्लियर अलाइनर्स, थर्मोफॉर्मिंग शीट्स और पेडियाट्रिक डेंटल प्रोडक्ट्स शामिल हैं। कंपनी Taglus ब्रांड के तहत थर्मोफॉर्मिंग शीट्स, बायोकंपैटिबल 3D प्रिंटिंग रेजिन्स और क्लियर अलाइनर्स के निर्माण के लिए मशीनें प्रदान करती है।
30 सितंबर 2024 तक कंपनी के पास छह मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी हैं। इनमें तीन मिरा रोड, मुंबई में, दो बोइसर में, और एक कोच्चि में है। इसके साथ ही मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और अहमदाबाद में पांच सपोर्टिंग फैसिलिटी हैं।
Laxmi Dental का फाइनेंशियल
फाइनेंशियल की बात करें तो कंपनी का एसेट वित्त वर्ष 2023 में 96.54 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2024 में 134.52 करोड़ रुपये हो गया। इसी अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 163.84 करोड़ रुपये से बढ़कर 195.26 करोड़ रुपये हो गया। PAT की बात करें तो यह -4.16 से बढ़कर 25.23 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, कंपनी की उधारी भी 31.44 करोड़ रुपये से बढ़कर 42.03 करोड़ रुपये हो गई है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।