Mahanadi Coalfields IPO: कोल इंडिया की कंपनी का IPO, खुलने से पहले ग्रे मार्केट में हलचल तेज! जानें सभी डिटेल्स

Mahanadi Coalfields IPO: कोल इंडिया की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड का ₹8,981 करोड़ का मेगा आईपीओ 19 नवंबर से खुलने जा रहा है। ₹129 से ₹136 के प्राइस बैंड वाले इस इश्यू पर ग्रे मार्केट में हलचल तेज जो गई है। कंपनी का शानदार डिविडेंड ट्रैक रिकॉर्ड और वैल्यूएशन निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। जानिए इसकी पूरी डिटेल्स

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 8:13 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कंपनी का शानदार डिविडेंड ट्रैक रिकॉर्ड और वैल्यूएशन निवेशकों को आकर्षित कर रहा है

Mahanadi Coalfields IPO: सरकारी कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की सब्सिडियरी MCL का ₹8,981.12 करोड़ का मेगा आईपीओ 19 नवंबर को खुलने जा रहा है। महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड ने 16 नवंबर को कंपनी द्वारा प्राइस बैंड का ऐलान किए जाने के बाद मंगलवार, 17 नवंबर की सुबह इसके अनलिस्टेड शेयरों के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में उछाल देखने को मिल रहा है।

Mahanadi Coalfields IPO से जुड़ी सभी डिटेल्स

IPO खुलने और बंद होने की तारीख: 19 नवंबर से 23 नवंबर 2026 (एंकर निवेशकों के लिए 18 नवंबर को खुलेगा)।


प्राइस बैंड: ₹129 से ₹136 प्रति इक्विटी शेयर।

लॉट साइज: न्यूनतम 110 शेयर (और उसके गुणकों में)।

इश्यू का कुल आकार: ₹8,981.12 करोड़ (अपर प्राइस बैंड पर कुल वैल्यूएशन ₹90,009.74 करोड़), पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS)।

लिस्टिंग: BSE और NSE दोनों एक्सचेंजों पर।

यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) है और इसमें कोई नया शेयर जारी नहीं हो रहा है, इसलिए महानदी कोलफील्ड्स को इससे कोई पैसा नहीं मिलेगा। खर्चों की कटौती के बाद पूरी राशि सीधे कोल इंडिया के खाते में जाएगी।

कैसी है वित्तीय सेहत?

देश के कोयला उत्पादन में बड़ी हिस्सेदारी: मुख्य रूप से ओडिशा में काम करने वाली महानदी कोलफील्ड्स ने वित्त वर्ष 2026 (FY26) में भारत के कुल घरेलू कोयला उत्पादन में 21% और कोल इंडिया के कुल उत्पादन में 28.4% का योगदान दिया। इस दौरान कोल इंडिया की देश के कुल कोयला उत्पादन में हिस्सेदारी करीब 74% रही।

31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में महानदी कोलफील्ड्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 1.3% की मामूली गिरावट के साथ ₹10,678 करोड़ रहा, जबकि कंपनी का रेवेन्यू 2.6% घटकर ₹30,550 करोड़ दर्ज किया गया।

3 साल में ₹25,750 करोड़ से ज्यादा का डिविडेंड

महानदी कोलफील्ड्स ने पिछले तीन वित्त वर्षों (FY24 से FY26) में कुल ₹25,750 करोड़ से अधिक का डिविडेंड बांटा है। कंपनी ने FY24 में ₹8,600 करोड़, FY25 में ₹8,750 करोड़ और FY26 में ₹8,400 करोड़ का डिविडेंड दिया।

सरकारी नियम और RHP की चेतावनी: सरकारी दिशानिर्देशों के तहत हर मुनाफे वाली PSU कंपनी को अपने शुद्ध लाभ (PAT) का कम से कम 30% या नेटवर्थ का 4% (जो भी अधिक हो) वार्षिक डिविडेंड देना अनिवार्य है। हालांकि, कंपनी ने अपने रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) में स्पष्ट किया है कि भविष्य में डिविडेंड देने की क्षमता उसकी वित्तीय स्थिति, कैश फ्लो, पूंजीगत व्यय योजनाओं और फाइनेंसिंग शर्तों पर निर्भर करेगी।

कोल इंडिया की अन्य सब्सिडियरी का प्रदर्शन

कोल इंडिया इस साल अपनी दो अन्य सब्सिडियरी कंपनियों को पहले ही लिस्ट करा चुकी है। जनवरी में लिस्ट हुई भारत कोकिंग कोल (BCCL) अपने लिस्टिंग प्राइस से करीब 25% नीचे ट्रेड कर रही है, जबकि मार्च में लिस्ट हुई सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट (CMPDI) ने लिस्टिंग के बाद से करीब 39% की शानदार बढ़त हासिल की है।

वैल्यूएशन और डिविडेंड पर क्या बोले DIPAM सचिव?

निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव अरुणीश चावला ने CNBC-TV18 के साथ खास बातचीत में महानदी कोलफील्ड्स के आईपीओ वैल्यूएशन को 'उचित और संतुलित' बताया है।

चावला ने कहा कि सरकार ने इस आईपीओ की कीमत इस नजरिए से तय की है कि निवेशकों के लिए भी कमाई की गुंजाइश बची रहे। उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि वे कंपनी की ग्रोथ संभावनाओं का आकलन करते समय इसके शानदार डिविडेंड ट्रैक रिकॉर्ड को जरूर ध्यान में रखें।

अब जानिए ग्रे मार्केट का हाल

महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट में शुरुआती हलचल देखने को मिल रही है, जहां इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹3.5 प्रति शेयर यानी लगभग 3% के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। ₹136 के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से इसकी अनुमानित लिस्टिंग कीमत ₹139.5 के आसपास आंकी जा रही है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।