सरकारी कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड का IPO 19 नवंबर को खुलने जा रहा है। इसके लिए प्राइस बैंड ₹129-₹136 प्रति शेयर तय हुआ है। लॉट साइज 110 शेयर है। ₹8,981.12 करोड़ के इस पब्लिक इश्यू में 23 नवंबर तक बोली लगा सकेंगे। महानदी कोलफील्ड्स मुख्य रूप से ओडिशा में काम करती है और इसने वित्त वर्ष 2026 में भारत के कुल घरेलू कोयला उत्पादन में 21 प्रतिशत का योगदान दिया। कोल इंडिया के उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी 28.4 प्रतिशत रही। वित्त वर्ष 2026 के दौरान भारत के कुल कोयला उत्पादन में कोल इंडिया का योगदान लगभग 74 प्रतिशत था।
महानदी कोलफील्ड्स के IPO में 66.18 करोड़ शेयरों का केवल ऑफर फॉर सेल रहेगा। इसमें कोल इंडिया शेयरों को बिक्री के लिए रखेगी। IPO में नए शेयर जारी नहीं होंगे, लिहाजा महानदी कोलफील्ड्स को इस ऑफरिंग से कोई पैसा नहीं मिलेगा। शेयरों को बेचने से होने वाली पूरी कमाई कोल इंडिया के पास जाएगी।
27 नवंबर को हो सकती है लिस्टिंग
महानदी कोलफील्ड्स में कोल इंडिया के पास पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके IPO का ड्राफ्ट सितंबर 2026 में कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास जमा हुआ था। इश्यू बंद होने के बाद अलॉटमेंट 25 नवंबर को फाइनल हो सकता है। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 27 नवंबर को लिस्ट हो सकते हैं।
इस IPO के लिए SBI कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, BOB कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, IDBI कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज लिमिटेड और IIFL कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड 'बुक-रनिंग लीड मैनेजर' हैं। रजिस्ट्रार Kfin Technologies है।
Mahanadi Coalfields की वित्तीय सेहत
कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध मुनाफा 1.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,678 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू 2.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 30,550 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2026 में महानदी कोलफील्ड्स का उत्पादन 218.31 मिलियन टन रहा। IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।