Mamata Machinery IPO Subscription status: ममता मशीनरी लिमिटेड का आईपीओ आज 19 दिसंबर को खुलने के कुछ ही घंटों के भीतर पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। पैकेजिंग मशीनरी बनाने वाली इस कंपनी का पब्लिक इश्यू अब तक 16.48 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। इसे अब तक 8.53 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल गई है, जबकि ऑफर पर 51.78 लाख शेयर हैं। इस आईपीओ के सभी कैटेगरी में निवेशकों ने मजबूत दिलचस्पी दिखाई है। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 179 करोड़ रुपये जुटाने का है। इसके लिए ₹230-₹243 का प्राइस बैंड तय किया गया है। निवेशकों के पास इसमें 23 दिसंबर तक निवेश का मौका रहेगा।
Mamata Machinery IPO अलग-अलग कैटेगरी में कितना हुआ सब्सक्राइब?
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) - 1.51 गुना
रिटेल इनवेस्टर्स - 23.84 गुना
एम्प्लॉई रिजर्व- 28.70 गुना
(19 Dec 2024 | 05:00:00 PM)
Mamata Machinery IPO का लेटेस्ट GMP
ग्रे मार्केट में ममता मशीनरी का आईपीओ आज 200 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 443 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 82.30 फीसदी का जबरदस्त मुनाफा होगा। हालांकि, ध्यान रहे कि ग्रे मार्केट में स्थिति लगातार बदलती रहती है।
Mamata Machinery IPO के बारे में
आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 24 दिसंबर को फाइनल होगा। फिर स्टॉक मार्केट में 27 दिसंबर को एंट्री होगी। इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी होगा बल्कि 73.8 करोड़ शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री होगी। चूंकि यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का है तो कंपनी को कोई पैसा नहीं मिलेगा।
Mamata Machinery का कारोबार
ममता मशीनरी प्लास्टिक बैग और पाउच बनाने वाली मशीनों, पैकेजिंग मशीनरी, और एक्सट्रूजन इक्विपमेंट बनाकर विदेशों में सप्लाई करती है। इसके अलावा यह पैकेजिंग इंडस्ट्री को एंड-टू-एंड मैनुफैक्चरिंग सॉल्यूशंस प्रदान करती है। यह मुख्य रूप से एफएमसीजी, फूड, और बेवरेज इंडस्ट्रीज को मशीनरी बेचती है। इसकी अहम क्लाइंट्स बालाजी वेफर्स, दास पॉलिमर्स, जेफ्लेक्सी पैकेजिंग, यूफोरिया पैकेजिंग, सनराइज पैकेजिंग, ओम फ्लेक्स इंडिया, चितले फूड्स, V3 पोलिप्लास्ट, लक्ष्मी स्नैक्स, वेस्टर्न इंडिया काजू कंपनी, हर्षे इंडिया इत्यादि हैं।
कंपनी के रेवेन्यू का एक बड़ा हिस्सा इसकी पूर्ण मालकाना हक वाली सब्सिडियरी ममता एंटरप्राइजेज से आता जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य करती है। सितंबर 2024 तक के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी के मशीनों की सप्लाई 75 से अधिक देशों को हुई है। इसका सेल्स नेटवर्क यूरोप, दक्षिण अफ्रीका और एशिया में फैला हुआ है। इसके अलावा अमेरिका में फ्लोरिडा के ब्रेडेंटन और इलिनॉयस के मोंटगोमरी में दो अंतरराष्ट्रीय ऑफिस हैं, और पांच से अधिक देशों में इसके सेल्स एजेंट हैं।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।