Manba Finance IPO: खुलने से पहले क्या है ग्रे मार्केट का लेटेस्ट अपडेट, प्राइस बैंड से लॉट साइज तक पूरी डिटेल

Manba Finance IPO: निवेशक एक लॉट में कम से कम 125 इक्विटी शेयरों और उसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों को इसमें कम से कम 15,000 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 1.25 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी

अपडेटेड Sep 22, 2024 पर 2:51 PM
Manba Finance IPO: नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) मनबा फाइनेंस का आईपीओ कल यानी 23 सितंबर को खुलने वाला है।

Manba Finance IPO: नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) मनबा फाइनेंस का आईपीओ कल यानी 23 सितंबर को खुलने वाला है। सब्सक्रिप्शन से एक दिन पहले इस आईपीओ की ग्रे मार्केट में मजबूत डिमांड दिख रही है। इश्यू के लिए 114-120 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 150.84 करोड़ रुपये जुटाने का है। निवेशकों के पास इस पब्लिक इश्यू में 25 सितंबर तक निवेश का मौका रहेगा। एंकर निवेशकों के लिए मनबा फाइनेंस का आईपीओ 20 सितंबर को एक दिन के लिए खुलेगा।

Manba Finance IPO: ग्रे मार्केट का क्या है इशारा

ग्रे मार्केट में मनबा फाइनेंस के आईपीओ को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। अनलिस्टेड मार्केट में यह आईपीओ आज 22 सितंबर को 60 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 180 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 50 फीसदी का तगड़ा मुनाफा होगा। इस आईपीओ का GMP पिछले तीन दिनों से 60 रुपये पर बना हुआ है। हालांकि, यह ध्यान रहे कि ग्रे मार्केट प्रीमियम महज संकेत है और इसमें कभी भी बदलाव हो सकता है।


निवेशक एक लॉट में कम से कम 125 इक्विटी शेयरों और उसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों को इसमें कम से कम 15,000 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 1.25 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी। इसका मतलब है कि आईपीओ से होने वाली पूरी आय कंपनी को जाएगी।

Manba Finance कहां करेगी फंड का इस्तेमाल

महाराष्ट्र स्थित यह फर्म भविष्य की पूंजी जरूरतों को पूरा करने के लिए अपने कैपिटल बेस को बढ़ाने के लिए फंड का उपयोग करने जा रही है। हेम सिक्योरिटीज इस इश्यू के लिए एकमात्र मर्चेंट बैंकर के रूप में काम कर रही है। इश्यू साइज का आधा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए और शेष 15 फीसदी शेयर नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए आरक्षित किए गए हैं। निवेशक मिनिमम 125 इक्विटी शेयरों और उसके बाद 125 शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं।

Manba Finance का कारोबार

यह एक NBFC कंपनी है, जिसका AUM साइज 900 करोड़ रुपये से अधिक है। यह कंपनी टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर, यूज्ड कारों, स्मॉल बिजनेस लोन और पर्सनल लोन के लिए फाइनेंशियल सॉल्यूशन प्रोवाइड करती है। मनबा फाइनेंस का मालिकाना हक पूरी तरह से मनीष शाह फैमिली के पास है।

Manba Finance का फाइनेंशियल

पिछले वर्षों में अब तक मनबा फाइनेंस का वित्तीय प्रदर्शन अच्छा रहा है। मार्च 2024 को समाप्त वर्ष में नेट प्रॉफिट पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 89.5 फीसदी बढ़कर 31.4 करोड़ रुपये हो गया। इसी अवधि के दौरान नेट इंटरेस्ट इनकम 26 फीसदी बढ़कर 87.6 करोड़ रुपये हो गई, लेकिन नेट इंटरेस्ट मार्जिन 12.31 फीसदी से घटकर 11.16 फीसदी हो गया। कंपनी की एसेट क्वालिटी थोड़ी कमजोर हुई। इसका ग्रॉस एनपीए वित्त वर्ष 23 की तुलना में वित्त वर्ष 24 में 21 बीपीएस बढ़कर 3.95 फीसदी और नेट एनपीए 2 बीपीएस बढ़कर 3.16 फीसदी हो गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।