Merritronix IPO: पैसे रखें तैयार, 1 जून से खुलेगा आईपीओ; GMP और प्राइस बैंड समेत जानें पूरी डिटेल

Merritronix IPO: इलेक्ट्रॉनिक्स और डिफेंस सेक्टर से जुड़ी Merritronix 1 जून को अपना IPO खोलने जा रही है। कंपनी 70 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। जानिए GMP प्राइस बैंड, लिस्टिंग डेट, फंड इस्तेमाल और कंपनी के बिजनेस से जुड़ी पूरी डिटेल।

अपडेटेड May 20, 2026 पर 9:31 PM
Story continues below Advertisement
इनवेस्टगेन के मुताबिक, Merritronix IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम 45 रुपये का चल रहा है।

Merritronix IPO: इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज देने वाली कंपनी Merritronix जून महीने का पहला IPO लाने जा रही है। कंपनी का IPO 1 जून से निवेशकों के लिए खुलेगा।

तेलंगाना की यह कंपनी IPO के जरिए करीब 70.03 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके तहत 47 लाख शेयर जारी किए जाएंगे। यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू होगा, यानी इसमें ऑफर फॉर सेल यानी OFS शामिल नहीं है। कंपनी ने IPO का प्राइस बैंड 141 रुपये से 149 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इस हिसाब से कंपनी की वैल्यू करीब 260.5 करोड़ रुपये बैठती है।

कब खुलेगा और कब होगी लिस्टिंग?


IPO का एंकर बुक 29 मई को खुलेगा। वहीं आम निवेशकों के लिए यह इश्यू 3 जून तक खुला रहेगा।

शेयर अलॉटमेंट 4 जून तक फाइनल होने की संभावना है। इसके बाद Merritronix के शेयरों की लिस्टिंग 8 जून को BSE SME प्लेटफॉर्म पर हो सकती है। इस IPO के लिए GYR Capital Advisors को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है।

Merritronix IPO का GMP

इनवेस्टगेन के मुताबिक, Merritronix IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम 45 रुपये का चल रहा है। इसका मतलब है कि आईपीओ निवेशकों को करीब 30% लिस्टिंग गेन मिल सकता है। हालांकि, ध्यान रखने वाली बात यह है कि GMP अनरेगुलेटेड मार्केट है और यहां कीमतें लगातार ऊपर नीचे होती रहती हैं।

Merritronix  क्या काम करती है?

Merritronix बिजनेस-टू-बिजनेस इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज देने वाली कंपनी है। यह कंपोनेंट सोर्सिंग, प्रिंटेड सर्किट बोर्ड यानी PCB असेंबली, सिस्टम इंटीग्रेशन, टेस्टिंग, बॉक्स-बिल्ड सॉल्यूशंस और तैयार इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स की डिलीवरी जैसे काम करती है।

कंपनी के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर में भी किया जाता है।

IPO से जुटाए गए पैसे कहां खर्च होंगे?

कंपनी IPO से जुटाई गई रकम में से करीब 21.36 करोड़ रुपये नई मशीनरी और उपकरण खरीदने में लगाएगी।

इसके अलावा 21.95 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे। वहीं करीब 12.7 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में खर्च होंगे। बाकी रकम सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए रखी जाएगी।

Merritronix  का प्रदर्शन कैसा रहा?

Merritronix की तुलना Centum Electronics और Vinyas Innovative Technologies जैसी लिस्टेड कंपनियों से की जाती है।

वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का मुनाफा 86% बढ़कर 16.1 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल कंपनी का मुनाफा 8.7 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू 37.3% बढ़कर 155.9 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 113.6 करोड़ रुपये था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।