Neelkanth Realtors IPO: मुंबई बेस्ड रियल एस्टेट डेवलपर नीलकंठ रियल्टर्स अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल कर दिया है। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार आईपीओ के तहत केवल फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी। इसका मतलब है कि आईपीओ से होने वाली पूरी आय कंपनी को जाएगी।
Neelkanth Realtors IPO के बारे में
नीलकंठ रियल्टर्स के आईपीओ के तहत 1.35 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जिसकी फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर है। इस आईपीओ के लिए स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड एकमात्र बुक रनिंग लीड मैनेजर है और लिंक इनटाइम इंडिया रजिस्ट्रार है। शेयरों को BSE और NSE पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है।
पब्लिक इश्यू में ऑफर का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए, 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए और 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित होगा।
Neelkanth Realtors कहां करेगी फंड का इस्तेमाल
नए इश्यू से प्राप्त फंड का इस्तेमाल नीलकंठ रियल्टर्स अपनी मौजूदा प्रोजेक्ट्स और ठाणे में नीलकंठ प्लाजा प्रोजेक्ट सहित आगामी प्रोजेक्ट्स के डेवलपमेंट के लिए करेगी। दस्तावेजों के अनुसार, आईपीओ से प्राप्त आय का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए भी किया जाएगा।
Neelkanth Realtors का कारोबार, कंपटीटर्स और फाइनेंशियल
एनारॉक की एक रिपोर्ट के अनुसार नीलकंठ रियल्टर्स मुंबई के पूर्वी उपनगरों और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में ठाणे शहर में प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर्स में से एक है। भिमजियानी परिवार 1980 के दशक से अपने पूर्व पार्टनर्स के साथ रियल एस्टेट डेवलपमेंट के बिजनेस में एक्टिव है और ‘नीलकंठ’ नाम से कारोबार कर रहा था।
नीलकंठ रियल्टर्स का मुकाबला प्रमुख डेवलपर्स जैसे गोदरेज प्रॉपर्टीज, मैक्रोटेक डेवलपर्स (लोढ़ा ग्रुप), हिरानंदानी कंस्ट्रक्शंस, रनवाल ग्रुप, कल्पतरु, और एलएंडटी रियल्टी लिमिटेड जैसे नामी ब्रांड्स से है। जून 2024 को समाप्त तीन महीने की अवधि में कंपनी ने 15.08 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की और 2.38 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।