NSE IPO: ₹1750-₹1785 के प्राइस बैंड में मिलेगा बोली लगाने का मौका! इस तारीख को हो जाएगा ऐलान

NSE IPO: देश के सबसे बड़े आईपीओ का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एनएसई का आईपीओ देश में अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू हो सकता है और इसमें निवेशकों को ₹1,750-₹1,785 के प्राइस बैंड में पैसे लगाने का मौका मिल सकता है। डिटेल्स में पढ़ें

अपडेटेड Sep 09, 2026 पर 9:25 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एनएसई (NSE) का आईपीओ देश के सबसे बड़े आईपीओ का रिकॉर्ड तोड़ सकता है जोकि अभी हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) के नाम पर है।

NSE IPO: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का आईपीओ आने वाला है। अभी इसके प्राइस बैंड का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन सीएनबीसी-टीवी18 को सूत्रों के हवाले से जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक इस आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹1750-₹1785 के प्राइस बैंड में बोली लगाने का मौका मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक आईपीओ के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से एनएसई का वैल्यूएशन ₹4.41 लाख करोड़ बैठ रहा है। यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का होगा यानी कि इश्यू के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी होगा। आधिकारिक तौर पर इसके प्राइस बैंड का ऐलान 15 सितंबर को हो सकता है।

NSE IPO: टूटेगा Hyundai Motor India का रिकॉर्ड!

एनएसई का आईपीओ देश के सबसे बड़े आईपीओ का रिकॉर्ड तोड़ सकता है। करीब दो साल पहले अक्टूबर 2024 में हुंडई मोटर इंडिया ने ₹27859 करोड़ का आईपीओ लाया था जिसने साल 2022 में आए एलआईसी (LIC) के ₹20557 करोड़ के आईपीओ का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। अब सीएनबीसी-टीवी18 की रिपोर्ट के मुताबिक हुंडई मोटर इंडिया का रिकॉर्ड एनएसई तोड़ सकती है और यह ₹30000 करोड़ का हो सकता है।


18-22 सितंबर तक मिल सकता है बोली लगाने का मौका!

सीएनबीसी-टीवी18 को सूत्रों से जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक एनएसई का आईपीओ ₹30 हजार करोड़ का हो सकता है लेकिन इसका साइज हल्का भी हो सकता है और 6% की बजाय 5.5% हिस्सेदारी की बिक्री हो सकती है। इसकी वजह ये है कि मॉर्गन स्टैनले ने आईपीओ के जरिए अब कम शेयर बेचने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक इस आईपीओ के प्राइस बैंड का आधिकारिक तौर पर 15 सितंबर को ऐलान हो सकता है और पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए यह 18-22 सितंबर के बीच खुल सकता है। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 17 सितंबर को खुलेगा।

एनएसई के आईपीओ ड्राफ्ट के हिसाब से इस आईपीओ के तहत प्राइवेट इक्विटी और इंवेस्टमेंट बैंकिंग फर्म अपनी हिस्सेदारी हल्की कर रहे हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) ने एक्सचेंज फाइलिंग में मंगलवार को जानकारी दी कि उसकी योजना आईपीओ के जरिए 76.9 लाख इक्विटी शेयर या अपनी 35% होल्डिंग बेचने की है। इसके लिए शेयर एस्क्रो खाते में 8 सितंबर को ही भेज दिए गए। वित्त वर्ष 2026 में बैंक ऑफर बड़ौदा को एनएसई से ₹76.9 करोड़ का डिविडेंड मिला था।

बैंक ऑफ बड़ौदा के अलावा इस आईपीओ के ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत एसबीआई, इंडियन बैंक, जीआईसी, न्यू इंडिया एश्योरेंस, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस, नेशनल इंश्योरेंस, ओरिएंटल इंश्योरेंस, स्टॉकहोल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया शेयर बेचने वाले हैं। इसके अलावा प्राइवेट एंटिटीज में बात करें तो मॉर्गन स्टैनले, क्रिसकैपिटल, सीपीपीआईबी यानी कनाडियन पेंशन फंड, आईसीआईसीआई लोम्बार्ड, टेमासेक, टीए एसोसिएट्स भी आईपीओ के तहत शेयर बेचेंगे। एनएसई में 1.7 लाख शेयरहोल्डर्स हैं जोकि किसी भी अनलिस्टेड कंपनी में सबसे अधिक है।

NSE IPO: बैंक ऑफ बड़ौदा की OFS में 35% हिस्सेदारी बेचने की तैयारी, जानिए आईपीओ का पूरा अपडेट

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।