PNGS Reva Diamond Jewellery IPO: अगले हफ्ते शेयर बाजार में दो बड़ी कंपनियां PNGS रेवा डायमंड ज्वेलरी और क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस अपना आईपीओ लेकर आ रही है। आईपीओ खुलने से पहले ही अनौपचारिक बाजार यानी ग्रे मार्केट में इनकी हाई डिमांड देखने को मिल रही है। PNGS रेवा डायमंड ज्वेलरी और क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस के ग्रे मार्केट प्रीमियम में मंगलवार को 5 प्रतिशत तक की बढ़त देखी गई। निवेशकों के बीच इन दोनों ही इश्यू को लेकर काफी उत्साह नजर आ रहा है।
24 फरवरी से खुलेगा PNGS रेवा डायमंड ज्वेलरी का इश्यू
ज्वेलरी क्षेत्र की इस कंपनी का आईपीओ निवेशकों के लिए 24 फरवरी को खुलेगा और 26 फरवरी को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया 23 फरवरी से शुरू होगी। ग्रे मार्केट को ट्रैक करने वाले प्लेटफॉर्म्स के मुताबिक, इसके शेयर ₹20 के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे है। इसका मतलब है कि लिस्टिंग के दिन निवेशकों को लगभग 5.18% का मुनाफा हो सकता है।
₹3,100 करोड़ का है क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी का आईपीओ
रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी क्लीन मैक्स अपना आईपीओ 23 फरवरी को लेकर आ रही है। ब्रुकफील्ड कॉर्पोरेशन समर्थित इस कंपनी की बाजार वैल्यू ₹12,300 करोड़ से अधिक आंकी गई है। कंपनी ने ₹1,000 से ₹1,053 प्रति शेयर का भाव तय किया है। फिलहाल ग्रे मार्केट में इसका प्रीमियम 3% है।
इसका एंकर बुक 20 फरवरी को खुलेगा और यह आईपीओ 25 फरवरी को बंद होगा। शेयरों की लिस्टिंग 2 मार्च को होने की उम्मीद है। कंपनी ₹3,100 करोड़ में से ₹1,200 करोड़ नए शेयर जारी करके जुटाएगी, जबकि ₹1,900 करोड़ के शेयर पुराने निवेशक बेचेंगे।
निवेशकों के लिए क्या है खास?
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि ग्रे मार्केट में बढ़ता प्रीमियम कंपनी के आईपीओ के लिए पॉजिटिव संकेत है। जहां PNGS रेवा डायमंड ज्वेलरी सेक्टर की चमक बिखेरने को तैयार है, वहीं क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। इसके अलावा, श्री राम ट्विस्टेक्स (Shree Ram Twistex) का आईपीओ भी 23 फरवरी को ही खुलेगा, जिससे अगले हफ्ते प्राइमरी मार्केट में काफी रौनक रहने वाली है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।