मुंबई के इस बिल्डर के आईपीओ पर टूट पड़े निवेशक! जीएमपी में 36% का उछाल, जानिए दांव लगाएं या नहीं
Pranav Constructions IPO: मुंबई में सोसायटियों के रीडेवलपमेंट का काम करने वाली कंपनी 'प्रणव कंस्ट्रक्शन' के ₹351 करोड़ के आईपीओ को दूसरे दिन भी बंपर रिस्पांस मिल रहा है। 8 सितंबर को सुबह तक ही यह आईपीओ 7.5 गुना से अधिक भर चुका है, जिसमें NII कोटा 13 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ है। इसके ग्रे मार्केट में प्रीमियम में भी उछाल देखने को मिला है
यह आईपीओ 7 सितंबर से खुला है और निवेशक 9 सितंबर तक दांव लगा सकते हैं
Pranav Constructions IPO: मुंबई की प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर प्रणव कंस्ट्रक्शन लिमिटेड का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन भी निवेशकों को खूब रास आ रहा है। NSE के सुबह 11 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, यह आईपीओ अब तक कुल 7.5 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हो चुका है।
कंपनी का ₹351 करोड़ का यह आईपीओ 7 सितंबर से खुला है और 9 सितंबर तक दांव लगाने के लिए उपलब्ध रहेगा। इस आईपीओ में रिटेल निवेशकों और गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की तरफ से जबरदस्त मांग देखी जा रही है।
दूसरे दिन किस कैटेगरी में कितनी डिमांड?
कंपनी की ओर से कुल 2.24 करोड़ इक्विटी शेयरों की पेशकश की गई है, जिसके मुकाबले अब तक 14.79 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी हैं:
गैर-संस्थागत निवेशक(NII): इस कैटेगरी में सबसे ज्यादा उत्साह दिख रहा है और यह हिस्सा 13.18 गुना भर चुका है।
रिटेल निवेशक: आम निवेशकों की कैटेगरी भी 6.41 गुना सब्सक्राइब हो चुकी है।
आईपीओ से जुड़ी मुख्य बातें
आईपीओ साइज: ₹351 करोड़
प्राइस बैंड: ₹118 से ₹124 प्रति शेयर
सब्सक्रिप्शन की तारीखें: 7 सितंबर से 9 सितंबर 2026
अलॉटमेंट: 10 सितंबर
एंकर बुक अलॉटमेंट: ₹124 के भाव पर 67.94 लाख शेयर
प्रमुख एंकर निवेशक: गोल्डमैन सेक्स (₹25 करोड़), ITI MF और टॉरस MF
जुटाए गए पैसों का क्या करेगी कंपनी?
कंपनी आईपीओ से मिलने वाले फ्रेश इश्यू के पैसों का इस्तेमाल इन कामों में करेगी:
₹145.7 करोड़: मुंबई में जारी और आगामी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के खर्चों, सरकारी अप्रूवल और FSI (फ्लोर स्पेस इंडेक्स) खरीदने में।
₹91.5 करोड़: कंपनी के ऊपर बकाया कर्ज को चुकाने के लिए।
बाकी बची रकम: सामान्य कॉरपोरेट कामकाज के लिए।
क्या करती है कंपनी और कैसा है वित्तीय प्रदर्शन?
प्रणव असार और रवि रामलिंगम द्वारा प्रमोटेड प्रणव कंस्ट्रक्शन मुख्य रूप से मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में पुरानी सोसायटियों के रीडेवलपमेंट का काम करती है। कंपनी के पास मुंबई नगर निगम (MCGM) क्षेत्र में कुल 65 प्रोजेक्ट्स हैं, जिनमें से 28 पूरे हो चुके हैं, 20 पर काम जारी है और 17 पाइपलाइन में हैं।
वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 14.6% बढ़कर ₹71.3 करोड़ हो गया, जो इससे पिछले साल (FY25) में ₹62.3 करोड़ था। वहीं, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 19.7% बढ़कर ₹761.6 करोड़ पर पहुंच गया।
ग्रे मार्केट में क्या है माहौल?
अनऑफिशियल मार्केट में प्रणव कंस्ट्रक्शन के शेयरों की काफी अच्छी डिमांड है। 8 सितंबर की सुबह अनऑफिशियल मार्केट में इसका जीएमपी करीब 36% प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था। आईपीओ के ₹124 प्रति शेयर के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से इसका जीएमपी करीब ₹45 प्रति शेयर बैठता है। यानी ग्रे मार्केट के हिसाब से इसकी लिस्टिंग ₹169 के आसपास होने का अनुमान है।
बोली लगाए या नहीं? जान लीजिए ब्रोकरेज राय
दिग्गज ब्रोकरेज फर्म आनंद राठी ने प्रणव कंस्ट्रक्शन के आईपीओ को 'Subscribe – Long Term' यानी लंबी अवधि के लिए सब्सक्राइब की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज के मुताबिक, मुंबई के वेस्टर्न सबर्ब्स में मजबूत पकड़ रखने वाली यह कंपनी एक प्योर-प्ले रीडेवलपमेंट प्लेयर है, जिसका एसेट-लाइट मॉडल और 26 महीने का तेज कंस्ट्रक्शन साइकिल इसे इस सेक्टर में खास बढ़त दिलाता है।
₹124 के अपर प्राइस बैंड पर कंपनी 19.6x FY26 P/E पर वैल्युड है और इसका पोस्ट-इश्यू मार्केट कैप ₹1,396.5 करोड़ बैठता है। आनंद राठी का मानना है कि मुंबई के बड़े रीडेवलपमेंट बाजार और ग्रोथ मौकों को देखते हुए इसका वैल्यूएशन वाजिब है, हालांकि निवेशकों को मुंबई क्षेत्र में कंपनी के हाई ज्योग्राफिक कंसंट्रेशन और प्रोजेक्ट अप्रूवल से जुड़े जोखिमों को भी ध्यान में रखना चाहिए।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।