रेडिफ डॉट कॉम इंडिया लिमिटेड (Rediff.com India Ltd) ने कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास अपने IPO के लिए अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (UDRHP) जमा किया है। कंपनी का इरादा पब्लिक इश्यू से ₹600 करोड़ तक जुटाने का है। अपडेटेड फाइलिंग के अनुसार, IPO में केवल नए शेयर जारी होंगे। ऑफर फॉर सेल (OFS) कंपोनेंट नहीं होगा। रेडिफ डॉट कॉम इंडिया लिमिटेड, एवेन्यूज एआई लिमिटेड (AvenuesAI Ltd) की एक सब्सिडियरी कंपनी है। AvenuesAI, डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म CCAvenue और एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म 'बिल्ड-ए-बाजार' का संचालन करती है।
रेडिफ डॉट कॉम की शुरुआत साल 1996 में एक इंटरनेट पोर्टल और डिजिटल मीडिया कंपनी के रूप में हुई थी, जिसमें 'रेडिफ न्यूज' भी शामिल था। 1998 में कंपनी ने मुफ्त ईमेल सेवा रेडिफमेल लॉन्च की। साल 2007 में MoneyWiz के जरिए पर्सनल फाइनेंस सर्विसेज के क्षेत्र में कदम रखा। धीरे-धीरे कंपनी के पोर्टफोलियो में मोबाइल एप्लिकेशन, एंटरप्राइज प्रोडक्टिविटी सॉल्यूशंस और ई-कॉमर्स सेवाएं शामिल हो गईं। कंपनी के एंटरप्राइज सॉल्यूशंस को 'रेडिफ वन' ब्रांड के तहत लाया गया, जबकि 'बिल्ड-ए-बाजार' का नाम बदलकर 'रेडिफ कॉमर्स' कर दिया गया।
जुलाई 2025 में, रेडिफ डॉट कॉम ने Rediff TV लॉन्च करके डिजिटल वीडियो और कंटेंट के क्षेत्र में एंट्री की। दिसंबर 2025 में इसे नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) से Rediff Pay ब्रांड के जरिए यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) इकोसिस्टम में 'थर्ड-पार्टी एप्लिकेशन प्रोवाइडर' के रूप में काम करने की मंजूरी मिली।
IPO के पैसे कैसे होंगे इस्तेमाल
रेडिफ डॉट कॉम इंडिया अपने IPO से मिलने वाली रकम में से ₹224.8 करोड़ का इस्तेमाल रेडिफ वन, रेडिफ पे और रेडिफ टीवी प्लेटफॉर्म को विकसित करने और उनका विस्तार करने के लिए करेगी। इसके अलावा, ₹183.34 करोड़ का अमाउंट मार्केटिंग और ब्रांड-बिल्डिंग के कामों के लिए तय किया गया है। बची हुई रकम का इस्तेमाल भविष्य में होने वाले संभावित अधिग्रहणों और कंपनी की सामान्य जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
Rediff.com India के पब्लिक इश्यू के लिए कीनोट फाइनेंशियल सर्विसेज, बुक-रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार MUFG इनटाइम इंडिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।