Rishabh Instruments IPO : ऋषभ इंस्ट्रूमेंट्स (Rishabh Instruments) ने इश्यू खुलने से पहले एंकर बुक के जरिए 147.2 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। यह आईपीओ कल यानी 30 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशक इस इश्यू में 1 सितंबर तक निवेश कर सकेंगे। कंपनी ने इश्यू के लिए 418-441 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस आईपीओ के जरिए कंपनी का इरादा करीब 491 करोड़ रुपये जुटाने का है।
16 निवेशकों ने कंपनी में किया निवेश
आज 29 अगस्त को कुल 16 निवेशकों ने एंकर बुक के जरिए कंपनी में निवेश किया है। इन निवेशकों में HDFC म्यूचुअल फंड, निप्पॉन लाइफ, सुंदरम म्यूचुअल फंड, बंधन म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ इंश्योरेंस, क्वांट म्यूचुअल फंड, टाटा मल्टीकैप फंड और 3पी इंडिया इक्विटी फंड I शामिल हैं। नासिक स्थित कंपनी ने एक्सचेंजों को अपनी फाइलिंग में कहा कि उसने एंकर निवेशकों को 441 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 33,38,656 इक्विटी शेयरों का आवंटन किया है। कंपनी ने कहा, "6 म्यूचुअल फंडों ने एंकर बुक में कुल 13 स्कीम के माध्यम से अप्लाई किया है।"
इस आईपीओ के तहत 75 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों और प्रमोटरों द्वारा 94.3 लाख शेयरों की बिक्री 415.78 करोड़ रुपये में ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी।
OFS के हिस्से के रूप में आशा नरेंद्र गोलिया द्वारा 15 लाख शेयर, ऋषभ नरेंद्र गोलिया द्वारा 4 लाख शेयर, नरेंद्र ऋषभ गोलिया HUF द्वारा 5.18 लाख शेयर और SACEF होल्डिंग्स II द्वारा 70.1 लाख शेयरों की बिक्री की जाएगी। डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स लिमिटेड, मिराए एसेट कैपिटल मार्केट्स इंडिया और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स इस इश्यू के लीड मैनेजर हैं।
Rishabh Instruments इलेक्ट्रिकल ऑटोमेशन डिवाइस के डिजाइन, डेवलपिंग, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई में शामिल एक इंटीग्रेटेड प्लेयर है। कंपनी मीटरिंग, कंट्रोल और प्रोटेक्शन डिवाइस, पोर्टेबल टेस्ट और मापने के उपकरण और सोलर स्ट्रिंग इनवर्टर का काम करती है। इसके अलावा कंपनी अपनी शाखा लुमेल अलुकास्ट के माध्यम से एल्यूमीनियम हाई प्रेशर डाई-कास्टिंग बनाती और सप्लाई करती है। इसकी नासिक में दो मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी हैं और मार्च 2023 तक इसकी कुल स्थापित क्षमता 4.31 मिलियन यूनिट प्रति वर्ष है।