RK Swamy IPO: इंटीग्रेटेड मार्केटिंग सर्विस मुहैया कराने वाली कंपनी आरके स्वामी के आईपीओ को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। आज सब्सक्रिप्शन के पहले दिन यह इश्यू कुछ घंटों में ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। इसे अब तक 1.49 गुना सब्सक्रिप्शन मिल गया है। इसे कुल 1.22 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल गई है, जबकि ऑफर पर 82.32 लाख शेयर हैं। निवेशकों को 6 मार्च तक इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए मौका मिलेगा। कंपनी ने आईपीओ खुलने से ही पहले एंकर निवेशकों से 187.22 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
RK Swamy IPO के सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) - 0
रिटेल इनवेस्टर्स - 5.91 गुना
एम्प्लॉयी रिजर्व - 39 फीसदी
RK Swamy IPO: साइज और प्राइस बैंड
कंपनी अपने आईपीओ से कुल 424 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 270 से 288 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। ऊपरी भाव पर कंपनी अपने आईपीओ से करीब 423 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। वहीं इसका कुल मार्केट कैप इस भाव पर करीब 1,450 करोड़ रुपये आंका गया है। आरके स्वामी के आईपीओ के लिए निवेश लॉट साइज के हिसाब से बोली लगा सकते हैं। एक लॉट में कंपनी के 50 शेयर होंगे। रिटेल निवेशक न्यूनतम 1 और अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं।
RK Swamy IPO से जुड़ी डिटेल्स
कंपनी अपने आईपीओ में 173 करोड़ के नए शेयर जारी करेगी। वहीं बाकी 250.56 करोड़ रुपये के शेयर (87 लाख शेयर) को कंपनी के प्रमोटरों और शेयरधारकों की ओर से बिक्री के लिए रखे जाएंगे। इसमें प्रमोटर श्रीनिवासन के स्वामी 17.88 लाख शेयर, और नरसिम्हन कृष्णास्वामी 17.88 लाख शेयर, निवेशक इवान्स्टन पायनियर फंड LP 44.45 लाख शेयर और प्रेम मार्केटिंग वेंचर्स LLP 6.78 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे।
प्रमोटरों के पास आरके स्वामी में 84.44% शेयर हैं। वहीं बाकी 15.56% हिस्सेदारी इवान्स्टन पायनियर फंड एलपी और प्रेम मार्केटिंग वेंचर्स एलएलपी के पास हैं। प्रेम मार्केटिंग वेंचर्स LLP इस आईपीओ में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचकर कंपनी से निकल जाएगी।
कंपनी ने बताया कि वह आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से मिली राशि में 54 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने में करेगी। इसके अलावा, ₹10.98 करोड़ का इस्तेमाल DVCP स्टूडियो लगाने, ₹33.34 करोड़ का इस्तेमाल आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश के लिए, और ₹21.74 करोड़ का इस्तेमाल कंपनी के नए सीईसी और सीएटीआई की स्थापना के लिए किया जाएगा। शेयरों का आवंटन 7 मार्च को किया जाएगा और शेयरों को डिपॉजिटरी खातों में क्रेडिट 11 तारीख को किया जाएगा। स्टॉक 12 मार्च को बीएसई और एनएसई दोनों पर सूचीबद्ध हो सकते हैं।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।)