रिन्यूएबल एनर्जी सॉल्यूशन प्रोवाइडर सहज सोलर के आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। बोली के दूसरे दिन तक यह इश्यू 95.30 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसे कुल 18.58 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली है जबकि ऑफर पर 19.49 लाख इक्विटी शेयर हैं। इस आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स ने जमकर दांव लगाया है। यह एक NSE SME आईपीओ है जिसके जरिए कंपनी 52.56 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इश्यू के लिए 171-180 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 15 जुलाई तक निवेश का मौका रहेगा।
Sahaj Solar IPO: सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स - 3.18 गुना
रिटेल इनवेस्टर्स - 151.07 गुना
(July 12, 2024 4:43:59 PM)
Sahaj Solar IPO से जुड़ी डिटेल
Sahaj Solar के आईपीओ के तहत 29.2 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। वहीं, इसमें ऑफर फॉर सेल नहीं है। अहमदाबाद स्थित कंपनी ने मुख्य रूप से वर्किंग कैपिटल जरूरतों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए फंड का इस्तेमाल करने की योजना बनाई है। सहज सोलर आईपीओ के तहत सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 16 जुलाई 2024 को होने की उम्मीद है। कंपनी के शेयरों के लिए लिस्टिंग की संभावित तारीख 19 जुलाई 2024 तय की गई है।
कुंवरजी फिनस्टॉक प्राइवेट लिमिटेड सहज सोलर आईपीओ का बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड इस इश्यू का रजिस्ट्रार है। सहज सोलर आईपीओ के लिए मार्केट मेकर आफ्टरट्रेड ब्रोकिंग है।
10 जुलाई को आईपीओ के एंकर बुक में कुल तीन निवेशकों ने भाग लिया और कंपनी में 14.83 करोड़ रुपये का निवेश किया। CCV इमर्जिंग ऑपर्च्युनिटीज फंड्स-I ने 5.83 करोड़ रुपये के 3.24 लाख शेयर खरीदे, जबकि पर्सिस्टेंट ग्रोथ फंड - वर्सु इंडिया ग्रोथ स्टोरी स्कीम 1 ने 4.99 करोड़ रुपये के 2.77 लाख शेयर खरीदे। इसके अलावा, एसिनटियो इन्वेस्टमेंट फंड पीसीसी-सेल 1 ने एंकर बुक के जरिए कंपनी में 4 करोड़ रुपये का निवेश किया।
सहज सोलर पीवी मॉड्यूल बनाती है और सोल वाटर पंपिंग सिस्टम और EPC सर्विसेज प्रोवाइड करती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 में अपने नेट प्रॉफिट को दोगुना से अधिक बढ़ाकर 13.16 करोड़ रुपये कर दिया, जबकि पिछले वर्ष यह 6.35 करोड़ रुपये था। इसी अवधि के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 185.4 करोड़ रुपये से बढ़कर 201.2 करोड़ हो गया।