Shree Tirupati Balajee Agro Trading ने दूसरी बार IPO के लिए किया आवेदन, बढ़ाया ऑफर साइज

Shree Tirupati Balajee Agro Trading IPO : कंपनी ने पिछले साल 28 दिसंबर को 1.67 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री के लिए आईपीओ कागजात दाखिल किए थे। हालांकि, बाद में कंपनी अपने इस प्लान से पीछे हट गई थी। अब 20 मार्च को नई फाइलिंग के मुताबिक कंपनी पब्लिक इश्यू में 2.04 करोड़ शेयरों की बिक्री करेगी

अपडेटेड Mar 23, 2024 पर 2:33 PM
Story continues below Advertisement
श्री तिरूपति बालाजी एग्रो ट्रेडिंग कंपनी अपना आईपीओ लाने जा रही है।

Shree Tirupati Balajee Agro Trading IPO : श्री तिरूपति बालाजी एग्रो ट्रेडिंग कंपनी अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास दूसरी बार ड्राफ्ट पेपर दाखिल किया है। कंपनी ने इसके पहले पिछले साल दिसंबर में आईपीओ कागजात दाखिल किए थे। हालांकि, इसे बाद में टाल दिया गया। अब कंपनी ने करीब तीन महीने बाद नई फाइलिंग के साथ अपना आईपीओ साइज भी बढ़ा दिया है। नई फाइलिंग के मुताबिक कंपनी आईपीओ के जरिए कुल 2.04 करोड़ शेयरों की बिक्री करेगी।

Shree Tirupati Balajee Agro Trading ने बढ़ाया ऑफर साइज

मध्य प्रदेश स्थित कंपनी ने पिछले साल 28 दिसंबर को 1.67 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री के लिए आईपीओ कागजात दाखिल किए थे। हालांकि, बाद में कंपनी अपने इस प्लान से पीछे हट गई थी। अब 20 मार्च को नई फाइलिंग के मुताबिक कंपनी पब्लिक इश्यू में 2.04 करोड़ शेयरों की बिक्री करेगी। इसके तहत 1.47 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे।


इसके अलावा, प्रमोटर बिनोद कुमार अग्रवाल द्वारा 56.9 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। प्रमोटर अग्रवाल के पास बल्क पैकेजिंग सॉल्यूशन प्रोवाइड करने वाली कंपनी में 88.38 फीसदी हिस्सेदारी है। शेष शेयर सचिन मोहनलाल काकरेचा और एम्पल व्यापार जैसे पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास हैं।

कहां होगा फंड का इस्तेमाल

कंपनी आईपीओ से होने वाली आय में से 57.3 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए और 24.24 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए करेगी। इसके अलावा, शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। पिछले प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक, कंपनी को कर्ज चुकाने के लिए 61.89 करोड़ रुपये का इस्तेमाल करना था।

Shree Tirupati Balajee Agro Trading के बारे में

श्री तिरूपति बालाजी एग्रो ट्रेडिंग कंपनी फ्लेक्सिबल इंटरमीडिएट बल्क कंटेनर (FIBC) यानी बड़े फ्लेक्सिबल बैग और अन्य इंडस्ट्रियल पैकेजिंग प्रोडक्ट्स (जैसे बुने हुए बोरे, बुने हुए कपड़े और नैरो फैब्रिक) बनाती है। पीएनबी इन्वेस्टमेंट सर्विसेज और यूनिस्टोन कैपिटल इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया रजिस्ट्रार है।

Shree Tirupati Balajee Agro Trading का फाइनेंशियल

फाइनेंशियल की बात करें तो कंपनी ने मार्च FY23 को समाप्त वर्ष में 20.7 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया है, जो कि हेल्दी ऑपरेटिंग नंबर के कारण पिछले वर्ष की तुलना में 51.4 फीसदी की तेज ग्रोथ है। इसी अवधि के दौरान रेवेन्यू 7 फीसदी बढ़कर 475.4 करोड़ रुपये हो गया।

इसका EBITDA सालाना आधार पर 55.5 फीसदी बढ़कर 48 करोड़ रुपये हो गया और FY23 के लिए मार्जिन 314 बीपीएस से 10.1 फीसदी तक बढ़ गया। सितंबर FY24 को समाप्त छह महीने की अवधि में नेट प्रॉफिट 200.8 करोड़ रुपये के रेवेन्यू पर 20.25 करोड़ रुपये रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।