इस सप्ताह के शुरुआती दो दिनों में शेयर मार्केट में आई तेजी से निवेशकों को 5.78 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स मंगलवार को 612.60 प्वाइंट की तेजी के साथ 50,193.33 प्वाइंट पर बंद हुआ। सोमवार को भी सेंसेक्स में उछाल आया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE)का निफ्टी 184.95 प्वाइंट चढ़कर 15,108.10 प्वाइंट पर बंद हुआ।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन ट्रेडिंग के दो दिनों में 5.78 लाख करोड़ रुपये बढ़कर रिकॉर्ड 216.39 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
30 शेयर वाले BSE इंडेक्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयर में सबसे अधिक 5.91 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा बजाज ऑटो में 5.17 प्रतिशत, टाइटन में 4.89 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 4.84 प्रतिशत और HDFC बैंक के शेयर में 2.57 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
गिरने वाले शेयर्स में भारती एयरटेल, ITC, डा रेड्डीज और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल थे।
टेलीकॉम और FMCG को छोड़कर BSE के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी दर्ज की गई। ऑटोमोबाइल, इंडस्ट्रियल, कंज्यूमर ड्यूरेबल और पावर सेक्टर के इंडेक्स में 3 पर्सेंट से अधिक की बढ़ोतरी हुई।
इस कैलेंडर वर्ष की शुरुआत से फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने इक्विटी में 4.87 अरब डॉलर की खरीदारी की है और डेट से लगभग 2.12 अरब डॉलर निकाले हैं। डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने 9,195.92 करोड़ रुपये के शेयर्स की बिकवाली की है।