मंगलवार को जब 09:30 पर अमेरिकी मार्केट खुला तो अगले ही मिनट यानी कि 09:31 AM पर क्रिप्टो माइनर अमेरिकी बिटकॉइन कॉर्प (American Bitcoin Corp) के शेयर 33% टूट गए। निवेशक अभी रिकवरी का इंतजार कर ही रहे थे कि पांच मिनट बाद गिरावट 42% हो गई और 9:56 बजे तक यह 51% पर पहुंच गया। इस प्रकार महज 26 मिनट में निवेशकों की पूंजी आधी से भी कम हो गई। यह सब इतना नाटकीय रहा कि अमेरिकन बिटकॉइन तुरंत ही न सिर्फ इस साल 2025 के आखिरी में क्रिप्टो बाजार के भारी गिरावट का प्रतीक बन गया, बल्कि उन अनेक डिजिटल-करेंसी वर्ल्ड की गिरावट का भी प्रतीक बन गया जिन्हें पिछले एक साल में ट्रंप फैमिली प्रमोट कर रही थीं। दो महीने में बिटकॉइन जैसी अहम क्रिप्टोकरेंसी करीब 25% नीचे आए हैं लेकिन ट्रंप फैमिली से जुड़े प्रोजेक्ट्स अधिक स्पीड से नीचे आए हैं।
