BSE 200 इंडेक्स की कंपनी ABB India के शेयरों में 20 फरवरी को दिन में 9 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर 6246.75 रुपये के हाई तक गया। बाद में शेयर 4.72 प्रतिशत बढ़त के साथ 5985.35 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी ने एक दिन पहले अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए थे। इन पर बाजार आज प्रतिक्रिया दे रहा है। कंपनी दिसंबर में खत्म होने वाले कैलेंडर ईयर को फाइनेंशियल ईयर के तौर पर फॉलो करती है।
दिसंबर 2025 तिमाही में ABB India का प्रॉफिट सालाना आधार पर 18.1% घटकर 433 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 528.4 करोड़ रुपये था। रेवेन्यू 5.7% बढ़कर 3,557 करोड़ रुपये रहा, जबकि दिसंबर 2024 तिमाही में यह 3,364.9 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि तिमाही के दौरान ऑर्डर साल-दर-साल 52% बढ़कर 4,096 करोड़ रुपये के हो गए। यह आंकड़ा पिछले 5 सालों में दिसंबर तिमाही में सबसे ज्यादा रहा। वित्त वर्ष 2025 के लिए ABB इंडिया ने 14,115 करोड़ रुपये के अब तक के सबसे ज्यादा ऑर्डर देखे। रेवेन्यू 13,203 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले के मुकाबले ऑर्डर और रेवेन्यू दोनों में 8% की बढ़ोतरी हुई।
देगी ₹29.59 का फाइनल डिविडेंड
ABB India ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 29.59 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने की घोषणा की है। इस प्रस्ताव पर 76वीं सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। यह बैठक 9 मई को होने वाली है। मंजूरी मिलने पर डिविडेंड का पेमेंट 9 मई के बाद किया जाएगा। रिकॉर्ड डेट 2 मई 2026 है। इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे।
ABB India शेयर 1 महीने में 27% चढ़ा
ABB India का मार्केट कैप बढ़कर 1.26 लाख करोड़ रुपये हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर 3 महीनों में 16 प्रतिशत और 1 महीने में 27 प्रतिशत मजबूत हुआ है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 6,299.80 रुपये और एडजस्टेड लो 4,590.05 रुपये है।
UBS ने इस शेयर पर 'न्यूट्रल' रेटिंग जारी की है। टारगेट प्राइस ₹5310 प्रति शेयर रखा है। दिसंबर तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर बताए हैं। मैक्वेरी ने 'न्यूट्रल' रेटिंग के साथ ₹5420 का टारगेट सेट किया है। नोमुरा ने 'रिड्यूस' रेटिंग के साथ ₹4620 प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।