Afcons Infra shares: शेयर बाजार में हाल ही में लिस्ट हुई कंपनी एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर (Afcons Infrastructure) को लेकर ब्रोकरेज फर्म बुलिश नजर आ रहे हैं। शापुरजी पोलनजी ग्रुप की इस कंपनी को नोमुरा, इनवेस्टक और जेफरीज जैसी दिग्गज ब्रोकरेज फर्मों ने 'Buy' रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 630 रुपये तक जाने की संभावना जताई है।
Nomura ने एफकॉन्स इंफ्रा के शेयरों पर कवरेज शुरू करते हुए इसमें 'खरीदारी' की सलाह दी है और इसके लिए 561 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह मौजूदा स्तर से शेयर में 30% तेजी की संभावना को दिखाता है।
ब्रोकरेज ने कहा कि यह कंपनी जटिल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक पूरा करने की क्षमता रखती है। वित्त वर्ष 2025 से 2027 के दौरान कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ रेट 22% और प्रॉफिट ग्रोथ रेट 39% की दर से बढ़ने की उम्मीद है। अगले दो सालों में 3.5 लाख करोड़ रुपये के कुल ऑर्डर पाइपलाइन को ध्यान में रखते हुए, नोमुरा को उम्मीद है कि कंपनी वित्त वर्ष 2025-27 में 55,000 करोड़ रुपये के ऑर्डर हासिल करेगी।
Investec ने दिया 630 रुपये का टारगेट प्राइस
Investec ने भी एफकॉन्स इंफ्रा को 'Buy' रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस ₹630 प्रति शेयर बताया है। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी ने हाई EBITDA मार्जिन (11.3%) और मजबूत ऑर्डर बुकिंग के चलते उसके अनुमानों को पीछे छोड़ दिया है। बीते 4 सालों में ₹29,000-₹31,000 करोड़ के बीच रहने वाला ऑर्डर बैकलॉग अब ₹38,000 करोड़ पर पहुंच गया है। इसके अलावा, कंपनी के पास ₹10,600 करोड़ के L1 ऑर्डर्स भी हैं।
जेफरीज ने की L&T से तुलना
जेफरीज ने एफकॉन्स इंफ्रा की तुलना लार्सन एंड टुब्रो (L&T) से करते हुए इसे 580 का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि तीसरी तिमाही में कंपनी की EBITDA ग्रोथ उम्मीद से 15% ज्यादा रही और EBITDA मार्जिन 11.3% तक पहुंच गया। FY25E में ऑर्डर फ्लो ₹30,000 करोड़ तक पहुंचने की संभावना, जो पिछले साल की तुलना में तीन गुना अधिक होगा।
जेफरीज ने आगे कहा कि वित्त वर्ष 2024 से 2027 के दौरान कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ 9% CAGR रहने की उम्मीद है। वहीं वित्त वर्ष2025 से 2027 के दौरान यह ग्रोथ 17% रह सकती है। ब्रोकरेज ने कहा कि वित्त वर्ष 2026 में 20-25% रेवेन्यू ग्रोथ, उसके बाद भी 15% से अधिक की ग्रोथ रेट बरकरार रह सकती है।
Afcons Infra के शेयरों पर नजर रखने वाले सभी 4 एनालिस्ट्स ने इसे 'Buy' रेटिंग दी है और औसतन 41% तक की तेजी की उम्मीद जताई है। शुक्रवार 14 फरवरी को Afcons Infra के शेयर 1.97% गिरकर ₹430 पर बंद हुए। यह स्टॉक लिस्टिंग के बाद ₹570 के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुका है और उसके बाद इसमें करीब 25 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।