अरविंद फैशंस लिमिटेड के शेयर में आगे लगभग 50 प्रतिशत तक की बढ़त दिखने की गुंजाइश है। ऐसी उम्मीद मोतीलाल ओसवाल के टारगेट प्राइस से मिली है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 650 रुपये प्रति शेयर दिया है। यह शेयर के अभी के भाव से 48 प्रतिशत ज्यादा है। अरविंद फैशंस का शेयर गुरुवार, 2 अप्रैल को BSE पर 438.35 रुपये पर बंद हुआ था। शुक्रवार को शेयर बाजार में गुड फ्राइडे की छुट्टी थी।
मोतीलाल ओसवाल ने अपने रिसर्च नोट में कहा है कि अरविंद फैशंस (AFL) के ऑपरेशंस की रफ्तार लगातार अच्छी बनी हुई है। वित्त वर्ष 2026 के पहले 9 महीनों यानि कि अप्रैल—दिसंबर 2025 का इसका प्रदर्शन दिखाता है कि रिटेल, ऑनलाइन और ब्रांड पोर्टफोलियो में इसका काम कितना मजबूत है। फिर भले ही बाजार में मांग की स्थिति थोड़ी कमजोर रही हो। इन 9 महीनों में कंपनी की 'सेम-स्टोर सेल्स ग्रोथ' (SSSG) 8% रही। सेम स्टोर से मतलब है किसी रिटेल चेन के एक साल से ज्यादा वक्त से खुले स्टोर।
कंपनी की ग्रोथ को डायरेक्ट चैनल्स से लगातार बढ़ावा मिल रहा है। रिटेल में साल-दर-साल आधार पर 14% और ऑनलाइन में 19% की ग्रोथ हुई है। इसके साथ-साथ डिस्काउंटिंग में कमी और इनवेंट्री टर्नओवर में स्थिरता ने इसके ग्रॉस मार्जिन को बढ़ाने और कैश कनवर्जन को बेहतर बनाने में मदद की है। अरविंद फैशंस के ग्रॉस मार्जिन में सालाना आधार पर 115 बेसिस पॉइंट्स की बढ़ोतरी देखी गई है।
6 महीनों में 20% गिरा Arvind Fashions का शेयर
मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक, AFL के मुख्य ब्रांड मजबूत बने हुए हैं, जबकि इनसे जुड़े अन्य कारोबार मुनाफे के साथ आगे बढ़ रहे हैं और ग्रोथ के लिए अतिरिक्त रास्ते खोल रहे हैं। इन सब बातों के बावजूद, पिछले 6 महीनों में कंपनी के शेयर की कीमत में 20% की गिरावट आई है। अब इसकी वैल्यूएशन काफी आकर्षक लग रही है। यह FY27E की अनुमानित कमाई के 35 गुना पर है।
ब्रोकरेज का मानना है कि शेयर की कीमत में आई यह गिरावट, एक बेहतरीन कंपनी में निवेश करने का एक शानदार मौका है। इस कंपनी के डायरेक्ट चैनल लगातार मजबूत हो रहे हैं, कोर बिजनेस से जुड़े अन्य कारोबारों में ग्रोथ की अपार संभावनाएं हैं, और कमाई की गुणवत्ता में भी लगातार सुधार हो रहा है।
रेवेन्यू और EBITDA ग्रोथ पर क्या अनुमान
मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि अरविंद फैशंस की FY26-28E के दौरान कमाई 12% और EBITDA 19% कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ेंगे। AFL का मार्केट कैप 5400 करोड़ रुपये के करीब है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 35.10 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 183.72 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025 में रेवेन्यू 665.91 करोड़ रुपये रहा था।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।