Astra Microwaves Share Price: एस्ट्रा माइक्रोवेव्स के शेयरों को लगे पंख, इस साल स्टॉक ने दोगुना किया है पैसा

Astra Microwaves Share Price: एस्ट्रा माइक्रोवेव्स प्रोडक्ट्स के शेयरों में तेजी की वजह कंपनी को मिला एक बड़ा ऑर्डर है। कंपनी ने कहा है कि उसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) से करीब 2,200 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी को यह ऑर्डर 122 AAAUs और 121 इंटरफेश फ्रेम्स के प्रोक्योरमेंट के लिए मिला है

अपडेटेड Jul 31, 2026 पर 11:33 AM
एस्ट्रा माइक्रोवेव्स का शेयर बीते पांच साल में 1023 फीसदी चढ़ा है।

Astra Microwaves Share Price: एस्ट्रा माइक्रोवेव्स के शेयरों में 31 जुलाई को पंख लग गए। सुबह में बाजार खुलते ही शेयर में जबर्दस्त तेजी दिखी। एक समय शेयर 12 फीसदी से ज्यादा चढ़ गया था। बाद में तेजी थोड़ी सुस्त पड़ी। 10:50 बजे शेयर 11.07 फीसदी चढ़कर 1,916.10 रुपये पर चल रहा था। इस साल यह शेयर 95 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है।

HAL से कंपनी को मिला है 2200 करोड़ रुपये का ऑर्डर

Astra Microwaves Products के शेयरों में तेजी की वजह कंपनी को मिला एक बड़ा ऑर्डर है। कंपनी ने कहा है कि उसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) से करीब 2,200 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी को यह ऑर्डर 122 AAAUs और 121 इंटरफेश फ्रेम्स के प्रोक्योरमेंट के लिए मिला है। इसका इस्तेमाल उत्तम रडार प्रोग्राम में होगा। इस ऑर्डर की कुल वैल्यू 2,205.23 करोड़ रुपये है। कंपनी को यह ऑर्डर पांच साल में पूरा करना होगा।


ऑर्डर की वैल्यू कंपनी के सालाना रेवेन्यू से दोगुनी 

यह ऑर्डर FY26 में कंपनी के करीब 1,163 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का दोगुना है। इससे मध्यम अवधि में कंपनी के रेवेन्यू को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। इस ऑर्डर से कंपनी की डिफेंस ऑर्डर बुक को भी मजबूती मिली है। कुछ महीने के अंदर यह HAL से कंपनी को मिला दूसरा ऑर्डर है।

अप्रैल में भी कंपनी के ज्वाइंट वेंचर को मिला था HAL से ऑर्डर

इस साल अप्रैल में कंपनी के ज्वाइंट वेंचर Astra Rafael Comsys Pvt Ltd (ARC) को एचएएल के बेंगलुरु डिवीजन से 250.58 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला था। कंपनी को यह ऑर्डर 18 महीनों में पूरा करना होगा। एआरसी मिलिट्री कम्युनिकेशंस सिस्टम्स बनाती है। यह डिफेंस एप्लिकेशंस के लिए सॉफ्टवेयर-डिफाइंड रेडियोज भी बनाती है। हाल में मिले इन दोनों ऑर्डर से देश के डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स ईकोसिस्टम खासकर रडार और मिलिट्री कम्युनिकेशंस में एस्ट्रा माइक्रोवेव्स की भूमिका बढ़ रही है। बीते पांच साल में कंपनी का शेयर 1023 फीसदी चढ़ा है।

यह भी पढ़ें: Thermax Share Price: Q1 नतीजों के बाद स्टॉक क्रैश, 15% टूटा शेयर, कमजोर नतीजों का दिखा असर

शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक हरे निशान में 

31 जुलाई को शेयर बाजारों में हल्की तेजी दिखी। 11:12 बजे निफ्टी 0.10 फीसदी यानी 24 अंक चढ़कर 24,342 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.04 की हल्की तेजी के साथ 77,959 पर था। बैंक निफ्टी में भी हल्की तेजी दिखी। सबसे ज्यादा 0.76 फीसदी की तेजी निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में दिखी। क्रूड ऑयल की कीमतों में नरमी से बाजार का सेंटिमेंट पॉजिटिव है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।