AU स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU SFB) के शेयरों में आगे 17 प्रतिशत तक की तेजी दिखाई दे सकती है। ऐसी उम्मीद ICICI Securities के टारगेट प्राइस से मिली है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस 1,250 रुपये बरकरार रखा है। यह BSE पर शेयर के मौजूदा भाव 1066.80 रुपये से 17 प्रतिशत ज्यादा है। AU SFB को यूनिवर्सल बैंक में बदलने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से सैद्धांतिक मंजूरी अगस्त 2025 में मिली थी।
ब्रोकरेज ने अपने रिसर्च नोट में कहा कि अब यह बैंक भारत के सबसे तेजी से बढ़ने वाले रिटेल-फोकस्ड प्राइवेट सेक्टर बैंकों में से एक बन गया है। पिछले 10 सालों में AU SFB ने शानदार परफॉर्मेंस दिखाई है। लोन 30 प्रतिशत से ज्यादा CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़े हैं, औसत क्रेडिट कॉस्ट 1 प्रतिशत रही है और इक्विटी पर रिटर्न 15 प्रतिशत से ज्यादा रहा है। कन्वर्जन से बैंक एक खास कॉम्पिटिटिव फायदे के साथ लार्ज-कैप बैंकिंग स्पेस में कदम रखने के लिए तैयार है।
ICICI Securities का मानना है कि AU स्मॉल फाइनेंस बैंक FY26-FY28 के दौरान 20 प्रतिशत से ज्यादा की क्रेडिट ग्रोथ बनाए रखने की स्थिति में है। इससे इसे मार्केट शेयर बढ़ाने में मदद मिल सकती है, खासकर तब जब प्राइवेट सेक्टर के बैंकों का मार्केट शेयर घट रहा है और पब्लिक सेक्टर बैंक अतिरिक्त मार्केट शेयर हासिल कर रहे हैं। मार्च 2026 तक AU SFB की लोन बुक 1.34 लाख करोड़ रुपये की थी। यूनिवर्सल बैंक में बदलने के बाद यह लोन बुक इसे टॉप-10 प्राइवेट सेक्टर बैंकों में शामिल कर देगी।
AU Small Finance Bank का शेयर एक साल में 53 प्रतिशत चढ़ा
AU SFB का मार्केट कैप इस वक्त 80000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 3 महीनों में 11 प्रतिशत और एक साल में 53 प्रतिशत मजबूत हुआ है। बैंक में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 22.74 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,144.65 रुपये और एडजस्टेड लो 682.50 रुपये है।
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में AU SFB का रेवेन्यू 5,302.74 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 795.95 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 10.63 करोड़ रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान बैंक का रेवेन्यू 18,636.34 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 2,641.25 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 35.40 करोड़ रुपये दर्ज की गई थी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।