Bajaj Finance Share Price: बजाज फाइनेंस ने इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स से नई पूंजी जुटाने के लिए ₹11,700 करोड़ का QIP (क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट) इश्यू लॉन्च किया है। सीएनबीसी-टीवी18 की रिपोर्ट के मुताबिक इसके लिए फ्लोर प्राइस प्रति शेयर ₹992.25 फिक्स किया है लेकिन शेयरों पर इसका खास निगेटिव असर नहीं दिखा और यह ऊपर चढ़ गया। फिलहाल बीएसई पर यह 2.49% की बढ़त के साथ ₹1,101.75 पर है। इंट्रा-डे में यह 3.37% उछलकर ₹1,111.25 तक पहुंच गया था।
अब क्यूआईपी इश्यू की बात करें तो यह इसके ₹17,500 करोड़ की फंड जुटाने की योजना का हिस्सा है। इसमें होल्डिंग कंपनी बजाज फिनसर्व को जारी ₹5800 करोड़ का वारंट्स भी शामिल है। एनबीएफसी ने इस क्यूआईपी को अक्टूबर में मंजूरी दी थी। इसके जरिए जुटाए गए फंड से बैलेंस शीट मजबूत होने और देश में बढ़ती क्रेडिट डिमांड के बीच बिजनेस विस्तार होने की उम्मीद है।
Bajaj Finance की कैसी है सेहत
लोन बुक की मजबूत ग्रोथ के दम पर बजाज फाइनेंस के लिए सितंबर 2026 तिमाही धमाकेदार रही। चालू वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 29% बढ़कर ₹6,266 करोड़ और नेट टोटल इनकम 23% बढ़कर ₹15,974 करोड़ और NII यानी ब्याज से शुद्ध कमाई (NII) भी 24% बढ़कर ₹13,335 करोड़ पर पहुंच गया। नए लोन की संख्या इस दौरान 11% उछलकर 1.34 करोड़ पर पहुंच गई तो कस्टमर फ्रेंचाईजी 16% बढ़कर 12.88 करोड़ हो गया।
बजाज फाइनेंस का AUM (एसेट अंडर मैनेजमेंट) इस दौरान 26% चढ़कर ₹5,84,624 करोड़ हो गया जोकि मार्च 2025 तिमाही के बाद सबसे तेज ग्रोथ रही। एनबीएफसी की एसेट क्वालिटी में भी सुधार हुआ है और सालाना आधार पर ग्रास एनपीए 1.24% से 1.06% और नेट एनपीए 0.60% से 0.42% पर आ गया। हालांकि बजाज फाइनेंस का कैपिटल एडेकेसी रेश्यो तिमाही आधार पर 20.90% और सालाना आधार पर 21.23% से सितंबर तिमाही के आखिरी में 20.33% पर आ गया।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
बजाज फाइनेंस के शेयरों ने निवेशकों की तगड़ी कमाई कराई है। 23 मार्च 2026 को बीएसई पर यह ₹788.40 के भाव पर था, जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से पांच ही महीने में यह 49.37% बढ़कर 3 अगस्त 2026 को ₹1,177.60 पर पहुंच गया, जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस दौरान घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 की बात करें तो यह 10% मजबूत हुआ है, जिसे कच्चे तेल की नरमी और विदेशी निवेशकों की वापसी से सपोर्ट मिला।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।