BoB के शानदार नतीजों के बाद बैंक के शेयरों के बारे में क्या है ब्रोकरेज फर्मों की राय?

जून 2023 तिमाही में बैंक ऑफ बड़ौदा का नेट प्रॉफिट सालाना 87.7 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 4,070.1 करोड़ रुपये रहा। बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयरों ने पिछले 6 महीने में 12.13 पर्सेंट का रिटर्न दिया है। बैंक के शेयरों की परफॉर्मेंस निफ्टी बैंक इंडेक्स के मुकाबले बेहतर रही है। इस दौरान निफ्टी बैंक इंडेक्स का रिटर्न 8.44 पर्सेंट रहा है

अपडेटेड Aug 07, 2023 पर 5:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ज्यादातर ब्रोकरेज फर्मों ने बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) के लिए बाय रेटिंग दी है।

जून 2023 तिमाही में बैंक ऑफ बड़ौदा का नेट प्रॉफिट सालाना 87.7 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 4,070.1 करोड़ रुपये रहा। संबधित अवधि में बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 24 पर्सेंट ज्यादा यानी 10,997 करोड़ रुपये रही। इस दौरान कंपनी का नेट इंटरेस्ट मार्जिन सालाना 0.25 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 3.27 पर्सेंट रहा।

जून तिमाही में बैंक के ग्लोबल एडवांस में 18 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई, जबकि डिपॉजिट 16.2 पर्सेंट बढ़ा। साथ ही, इस तिमाही में बैंक ऑफ बड़ौदा की एसेट क्वॉलिटी में भी सुधार हुआ और उसके ग्रॉस एनपीए में तिमाही आधार पर 0.28 पर्सेंट की गिरावट हुई। संबंधित अवधि में बैंक का नेट एनपीए 0.11 पर्सेंट कम होकर 0.78 पर्सेंट रहा। BSE में बैंक का शेयर 7 अगस्त को 1.04 पर्सेंट की गिरावट के साथ 189.45 रुपये पर बंद हुआ।

ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal) ने बैंक ऑफ बड़ौदा के स्टॉक को 'बाय' रेटिंग दी है और इसके लिए 240 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज फर्म की रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के शेयर में मौजूदा मार्केट प्राइस (तकरीबन 190 रुपये) से 26 पर्सेंट बढ़ोतरी की संभावना है।


एक और ब्रोकरेज फर्म नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज (Nuvama Institutional Equities) ने बैंक के शेयरों के लिए 220 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है और इसे 'बाय' रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि बैंक ऑफ बड़ौदा की नेट इंटरेस्ट इनकम अनुमान से 6 पर्सेंट कम रही, जबकि नेट इंटरेस्ट मार्जिन में उम्मीद से ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह, टैक्स के बाद प्रॉफिट अनुमान से थोड़ा कम (1 पर्सेंट) कम रहा।

B&K सिक्योरिटीज ने बैंक ऑफ बड़ौदा को 'होल्ड' रेटिंग दी है। साथ ही, इसके लिए 200 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि बैंक ऑफ बड़ौदा की सीनियर मैनेजमेंट टीम को पूरा भरोसा है कि बैंक के क्रेडिट पोर्टफोलियो (खास तौर पर रिटेल क्रेडिट बुक) में अच्छी बढ़ोतरी होगी और उसका मार्जिन भी स्थिर रहेगा। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक, फाइनेंशियल ईयर 2024 की दूसरी तिमाही में बैंक का मार्जिन सॉफ्ट रहेगा और फाइनेंशियल ईयर 2024 की दूसरी छमाही में इसमें सुधार होगा। ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधर ने बैंक के शेयरों को 'बाय' रेटिंग दी है और इसके लिए 235 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है.

स्टॉक की परफॉर्मेंस

बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयरों ने पिछले 6 महीने में 12.13 पर्सेंट का रिटर्न दिया है। बैंक के शेयरों की परफॉर्मेंस निफ्टी बैंक इंडेक्स (Nifty Bank index) के मुकाबले बेहतर रही है। इस दौरान निफ्टी बैंक इंडेक्स का रिटर्न 8.44 पर्सेंट रहा है।

डिस्क्लेमर : मनीकंट्रोल डॉट कॉम पर दी गई सलाह एक्सपर्ट्स की अपनी राय होती है। यह वेबसाइट या इसका मैनेजमेंट इसके लिए जिम्मेदार नहीं है। रीडर्स को इनवेस्टमेंट से जुड़ा कोई फैसला अपने इनवेस्टमेंट एडवाइजर से बातचीत के बाद लेना चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।