क्रूड और बॉन्ड यील्ड घटने से इन 10 शेयरों में आ सकती है तेजी! शॉर्ट-टर्म में बन सकता है प्रॉफिट
Short Term Stocks to Buy: Bernstein ने 10 भारतीय शेयर चुने हैं, जो कच्चा तेल, बॉन्ड यील्ड और टैरिफ का दबाव घटने पर शॉर्ट टर्म रिबाउंड में फायदा दे सकते हैं। साथ ही ब्रोकरेज ने कहा है कि भारत का वैल्यूएशन अब भी महंगा है।
Bernstein ने 10 ऐसे भारतीय शेयर चुने हैं, जो बाजार में शॉर्ट टर्म रिबाउंड आने पर फायदा दे सकते हैं।
ग्लोबल ब्रोकरेज Bernstein ने 10 ऐसे भारतीय शेयर चुने हैं, जो बाजार में शॉर्ट टर्म रिबाउंड आने पर फायदा दे सकते हैं। इसके लिए शर्त ये है कि कच्चे तेल के दाम, ग्लोबल बॉन्ड यील्ड और टैरिफ से जुड़े खतरे कम हों। लेकिन ब्रोकरेज ने साथ में ये चेतावनी भी दी है कि भारत का वैल्यूएशन महंगा है और कमाई की ग्रोथ मामूली है, इसलिए पूरे बाजार की बड़ी री-रेटिंग की गुंजाइश कम है।
कमाई में अपग्रेड वाले शेयर ढूंढना मुश्किल
Bernstein के मुताबिक सुस्त ग्रोथ और लगातार बनी मैक्रो अनिश्चितता के बीच निवेशकों को ऐसे शेयर ढूंढने में मुश्किल हो रही है, जिनकी कमाई के अनुमान में अच्छी बढ़ोतरी हो रही हो। इसलिए ब्रोकरेज ने बॉटम-अप तरीके से ऐसे शेयर चुने हैं, जिन पर कच्चे माल की लागत घटने, यील्ड कम होने, संस्थागत निवेश सुधरने और जोखिम लेने की इच्छा लौटने का साफ असर दिख सकता है।
कच्चा तेल एक हफ्ते में 18 डॉलर सस्ता
Bernstein का पूरा आधार बाहरी दबाव के पलटने पर टिका है। ब्रोकरेज के मुताबिक ब्रेंट क्रूड एक हफ्ते के भीतर 117 डॉलर से गिरकर 99 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। बॉन्ड यील्ड नीचे आने लगी हैं और टैरिफ का खतरा भी कम हुआ है।
फिर भी ब्रोकरेज ने आगाह किया है कि ग्लोबल माहौल में ये सुधार अस्थायी हो सकता है, क्योंकि जियोपॉलिटिकल खतरे और उतार-चढ़ाव कभी भी लौट सकते हैं। Bernstein ने कहा, "ये साफ तौर पर कुछ दिनों के रिबाउंड ट्रेड का बास्केट है।" ब्रोकरेज ने ये भी जोड़ा कि इस पूरी लिस्ट को कई साल के निवेश वाले पोर्टफोलियो की तरह नहीं देखना चाहिए।
Maruti Suzuki
Bernstein का मानना है कि कच्चे तेल और कमोडिटी के दाम घटने से गाड़ियां खरीदना ज्यादा किफायती होगा, जिससे डिमांड और मार्जिन दोनों को सहारा मिलेगा। ब्रोकरेज ने कंपनी के बढ़ते मार्केट शेयर, मजबूत ऑर्डर बुक और इंडस्ट्री से तेज ग्रोथ की तरफ भी ध्यान दिलाया है।
Muthoot Finance
Bernstein के मुताबिक बॉन्ड यील्ड घटने से सोने का आकर्षण बढ़ सकता है, जिससे गोल्ड लोन की ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा। ब्रोकरेज ने बताया कि कंपनी का AUM सोने की कीमतों से तेज रफ्तार से बढ़ रहा है, जो मैक्रो ट्रिगर के साथ-साथ कारोबार की अपनी ग्रोथ भी दिखाता है।
Ambuja Cements
ये शेयर मार्जिन रिकवरी का दांव है। एनर्जी, पेट कोक और माल ढुलाई की लागत घटने से कंपनी को फायदा हो सकता है। Bernstein को इसमें प्रोडक्टिविटी सुधरने और एसेट इंटीग्रेशन के फायदे भी दिख रहे हैं। फिलहाल कंपनी का मार्जिन अपनी प्रतिस्पर्धी कंपनियों से कम है।
Adani Power
Bernstein के मुताबिक बिजली की बढ़ती मांग और क्षमता विस्तार से कंपनी को फायदा मिल सकता है। ब्रोकरेज ने भरोसेमंद बेसलोड पावर में कंपनी की मजबूत स्थिति का जिक्र किया है। हाल में शेयर में आया करेक्शन भी इसे रिबाउंड का दावेदार बनाता है।
HDFC Bank
अगर विदेशी संस्थागत निवेशक भारतीय शेयर बाजार में लौटते हैं, तो Bernstein को HDFC Bank इसका बड़ा फायदा उठाने वाला शेयर दिखता है। ब्रोकरेज ने बैंक की लिक्विडिटी और संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी पर जोर दिया है। साथ ही कहा है कि शेयर को लेकर जो चिंताएं हैं, वो शायद पहले ही इसके वैल्यूएशन में दिख चुकी हैं।
Home First Finance
महंगाई और कर्ज की लागत को लेकर चिंता घटने से पहली बार घर खरीदने वालों की मांग बढ़ सकती है। Bernstein ने कंपनी के डिसबर्समेंट में सालाना 32% की ग्रोथ और एसेट क्वालिटी में सुधार को इसके अपने ट्रिगर बताया है।
HDFC AMC
शेयर बाजार में रिकवरी और रिटेल निवेशकों की भागीदारी बढ़ने से कंपनी का AUM और कमाई दोनों बढ़ सकते हैं, और इसके लिए अतिरिक्त खर्च भी कम होगा। Bernstein का कहना है कि शेयर के वैल्यूएशन में जितनी गिरावट आई है, उतनी कमी कमाई के अनुमानों में नहीं आई।
Larsen & Toubro
इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर की दिग्गज कंपनी में कैपिटल एक्सपेंडिचर का सीधा फायदा मिलता है। Bernstein ने रिकॉर्ड तिमाही ऑर्डर इनफ्लो को पॉजिटिव बताया है, जो सालाना 28% बढ़ा है। साथ ही कंपनी के अपेक्षाकृत कम नेट वर्किंग कैपिटल को भी अच्छा संकेत माना है।
Eternal
Bernstein इसे जोखिम लेने की इच्छा लौटने और संस्थागत निवेश बढ़ने का दांव मानता है। इसके पीछे फूड डिलीवरी में कंपनी की लीडरशिप और क्विक कॉमर्स में उसका निवेश है। ब्रोकरेज के मुताबिक कंपनी के नए कारोबार बाजार के अनुमानों से तेज बढ़ रहे हैं।
Delhivery
डीजल सस्ता होने से कंपनी की ट्रांसपोर्टेशन लागत घट सकती है, जबकि कारोबार की रफ्तार इसका अपना ट्रिगर है। Bernstein ने कंपनी के रेवेन्यू में 20% ग्रोथ और मुनाफे में लौटने का जिक्र किया है।
बड़ी तस्वीर पर Bernstein सतर्क
कुल मिलाकर बाजार को लेकर Bernstein का नजरिया संतुलित है। मैक्रो दबाव घटने से बाजार में कुछ समय की रिकवरी जरूर आ सकती है। लेकिन ब्रोकरेज का मानना है कि महंगे वैल्यूएशन और मामूली कमाई ग्रोथ के चलते पूरे बाजार की टिकाऊ और बड़ी री-रेटिंग की गुंजाइश सीमित है। यानी ये लिस्ट जल्दी मुनाफा पकड़ने के लिए है, लंबे समय तक पकड़कर बैठने के लिए नहीं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।