Bharat Forge के शेयरों में आज 21 अगस्त को 2 फीसदी तक की तेजी देखी गई है। स्टॉक ने आज इंट्राडे में 991.30 रुपये के अपने 52-वीक हाई को छू लिया। इस समय यह शेयर 1.03 फीसदी की बढ़त के साथ 979.50 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, कंपनी के पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी को 850 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। यही वजह है कि कंपनी के शेयरों में आज निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई है।
मिले 850 करोड़ के दो एक्सपोर्ट ऑर्डर
आज 21 अगस्त को एक एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स को कंपोनेंट्स और armoured व्हीकल चेसिस की सप्लाई के लिए दो एक्सपोर्ट ऑर्डर मिले हैं। कंपनी को 18 महीने में इसे एग्जीक्यूट करना है। कंपनी ने कहा कि ऑर्डर को पहले सरकारी मंजूरी की जरूरत होगी। बता दें कि कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स भारत फोर्ज की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी है, जो डिफेंस बिजनेस से जुड़ी हुई है।
तिमाही नतीजे और ब्रोकरेज की राय
जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना 32 फीसदी बढ़कर 213.73 करोड़ रुपये हो गया, जबकि ऑपरेशन से राजस्व सालाना आधार पर 35 फीसदी बढ़ गया। तिमाही के लिए Ebitda भी 26.1 फीसदी बढ़कर 548.7 करोड़ रुपये हो गया, जबकि Ebitda मार्जिन एक साल पहले की अवधि में 24.7 फीसदी के मुकाबले बढ़कर 25.8 प्रतिशत हो गया। मॉर्गन स्टेनली के एनालिस्ट्स ने 1028 रुपये प्रति शेयर के टारगेट प्राइस के साथ स्टॉक को 'ओवरवेट' रेटिंग दी है।
कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन
भारत फोर्ज 3 अरब डॉलर के कल्याणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी है, जो ऑटोमोबाइल, रेलवे, डिफेंस, कंस्ट्रक्शन और माइनिंग जैसे सेक्टर्स में सेफ्टी, क्रिटिकल कंपोनेंट्स और सॉल्यूशन प्रदान करती है। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 15 फीसदी की तेजी आई है। वहीं, पिछले एक साल में इसने 36 फीसदी का रिटर्न दिया है। पिछले 3 सालों में इसने करीब 100 फीसदी का रिटर्न दिया है।