भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के स्टॉक पर मॉर्गन स्टेनली द्वारा 'ओवरवेट' रुख को बनाए रखने के बाद आज यानी 14 मार्च को भारती एयरटेल के शेयर का भाव शुरुआती सत्र में उछल गया। ग्लोबल रिसर्च फर्म को उम्मीद है कि टेलीकॉम स्टॉक मौजूदा बाजार मूल्य से 11 प्रतिशत अधिक तेजी दिखाते हुए 860 रुपये प्रति शेयर के लक्ष्य तक पहुंच जाएगा। आज सुबह 9:48 बजे भारती एयरटेल बीएसई पर 6.65 रुपये या 0.87 प्रतिशत बढ़कर 772.40 रुपये पर बोली लगा रहा था। इसने 776.25 रुपये का इंट्राडे हाई और 764.90 रुपये का इंट्राडे लो छुआ है। यह स्टॉक 317,836 शेयरों के वॉल्यूम के साथ कारोबार कर रहा था। इसके पांच दिनों के औसत 84,613 शेयरों की तुलना में इसमें 275.64 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
मॉर्गन स्टेनली के अनुसार दूरसंचार सेवा प्रदाता ने शेष तीन सर्किलों में बढ़े हुए न्यूनतम रिचार्ज प्लान पेश किए हैं। वहीं एंट्री-लेवल टैरिफ लेने वाले ग्राहकों की संख्या इसमें अधिक रही है।
रिसर्च फर्म को उम्मीद है कि टैरिफ बढ़ोतरी Bharti Airtel के भारतीय मोबाइल कारोबार के रेवन्यू में 1.3-1.5 प्रतिशत का इजाफा करेगा। जबकि इसमें कहा गया है कि संभावित 4जी टैरिफ बढ़ोतरी और त्वरित बाजार हिस्सेदारी फायदे की दिशा में प्रमुख ट्रिगर के रूप में काम कर रहे हैं।
इससे पहले सीएलएसए ने Bharti Airtel के स्टॉक पर 'खरीदारी' की कॉल को बनाए रखा था। उनको उम्मीद है कि स्टॉक का भाव 1,015 रुपये प्रति शेयर तक पहुंच जाएगा। रिसर्च फर्म का मानना है कि आम चुनावों से 14 महीने पहले हाल ही में टैरिफ बढ़ोतरी, प्रति उपयोगकर्ता औसत रेवन्यू (एआरपीयू) को 3 प्रतिशत तक बढ़ा सकता है।
वहीं भारती एयरटेल के सीईओ ने हाल ही में संकेत दिया था कि 2023 के मध्य तक टैरिफ में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अतिरिक्त पोस्ट-पेड ग्राहकों की वृद्धि में तेजी आने से ARPU को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रिसर्च फर्म ने कहा कि भारती एयरटेल भी मार्च 2024 तक देश भर में 5G रोलआउट करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इस बीच सीएलएस ने अनुमान लगाया है कि कंपनी के EBITDA में FY25 तक औसत 15-23 प्रतिशत की ग्रोथ देखने को मिलेगी
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )