BHEL Share Price: भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के कारोबारी नतीजे के बाद ब्रोकरेज फर्मों का रुझान इस पर मिला-जुला है। सितंबर तिमाही के कारोबारी नतीजे के बाद कुछ ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस बढ़ा दिया तो दूसरी तरफ कुछ का कहना है कि आगे कई अच्छी बातों का असर इसके शेयरों में शामिल हो चुका है। अभी की बात करें तो फिलहाल बीएसई पर यह 3.26% की गिरावट के साथ ₹448.40 के भाव पर है। इंट्रा-डे में यह 4.81% गिरकर ₹441.20 तक आ गया था।
BHEL पर क्या है ब्रोकरेज फर्मों का रुझान
वैश्विक इंवेस्टमेंट बैंकिंग फर्म मैक्वेरी ने भेल की रेटिंग को अपग्रेड कर अंडरपरफॉर्म से न्यूट्रल कर दिया है और टारगेट प्राइस ₹420 पर फिक्स किया है। भेल का ऑर्डर बैकलॉग सालाना आधार पर 17% बढ़कर ₹2.5 लाख करोड़ पर पहुंच गया जोकि मैक्वेरी के मुताबिक काफी मजबूत है और लगातार काम पूरा करने की रफ्तार और मार्जिन में विस्तार को ध्यान में रखते हुए इस स्टॉक को अपग्रेड किया है।
यूबीएस का नजरिया भेल को लेकर न्यूट्रल बना हुआ है लेकिन इसका टारगेट प्राइस बढ़ाकर ₹500 कर दिया है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि चूंकि सितंबर तिमाही में कंपनी को कोई बड़ा थर्मल ऑर्डर नहीं मिला तो इसका ऑर्डर इनफ्लो कमजोर रहा।
जेफरीज ने ₹335 के टारगेट प्राइस के साथ इसकी अंडरपरफॉर्म रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि भेल के इंडस्ट्री सेगमेंट मार्जिन ने 420 बेसिस प्वाइंट्स के विस्तार के साथ चौंका दिया तो पावर सेगमेंट में 250 बेसिस प्वाइंट्स का विस्तार हुआ। जेफरीज ने सितंबर तिमाही में ग्रास मार्जिन में 595 बेसिस प्वाइंट्स के सुधार को देते हुए वित्त वर्ष 2027-2030 के लिए इसके EBITDA के अनुमान को 17% बढ़ा दिया है। हालांकि जेफरीज का यह भी कहना है कि भेल की तुलना में यह हिताची एनर्जी (Hitachi Energy) और सीमेन्स एनर्जी (Siemens Energy) जैसे टीएंडडी इक्विपमेंट पर दांव लगाना पसंद करेगी।
सीएलएसए ने भेल को ₹351 के टारगेट प्राइस के साथ फिर अंडरपरफॉर्म रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म ने भेल के कोर थर्मल इक्विपमेंट सेगमेंट में चाइनीज सप्लायर्स, जेएसडब्ल्यू तोशिबा (JSW Toshiba), एलएंडटी (L&T) और थर्मैक्स (Thermax) की एंट्री से इसके मार्केट डॉमिनेंस पर सवाल उठा है। इसके अलावा सीएलएसए का मानना है कि BHEL का ऑर्डर बैकलॉग भी अपने चरम पर पहुंच गया है, और स्टॉक की मौजूदा कीमत में भविष्य की बहुत अधिक उम्मीदें पहले से ही शामिल हैं। इसके अलावा ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि भेल का ऑर्डर बैकलॉग भी अपने चरम पर पहुंच गया है, और शेयर के मौजूदा भाव में आने वाले समय की काफी उम्मीदें पहले से ही शामिल हैं। हालांकि भेल के मार्जिन में सुधार के चलते ब्रोकरेज फर्म ने वित्त वर्ष 2027-2029 के शुद्ध मुनाफे के अनुमान में 10-11% की बढ़ोतरी की है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
भेल के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा मुनाफा दिया है और एक साल में पैसा डबल कर दिया। पिछले साल 24 अक्टूबर 2025 को बीएसई पर यह एक साल के निचले स्तर ₹229.70 के भाव पर थे, जोकि एक साल में 101.83% बढ़कर 14 अक्टूबर 2026 को एक साल के हाई ₹463.60 पर पहुंच गया। आगे की बात करें तो इसे कवर करने वाले ओवरऑल 21 एनालिस्ट्स में से 9 ने खरीदारी, 9 ने सेल और 3 ने होल्ड रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।