बोनस और स्प्लिट के बाद भी क्यों फिसला बॉश का शेयर? नतीजों के बाद मैनेजमेंट की इस चेतावनी से डरे निवेशक

बॉश का Q2FY27 मुनाफा 18.6% बढ़कर 839.4 करोड़ रुपये रहा और कंपनी ने 3:1 बोनस और स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दी। फिर भी महंगाई, कमजोर मानसून और सख्त होती ब्याज दरों पर मैनेजमेंट की चेतावनी से शेयर फिसला

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 10:14 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
नतीजे अच्छे, बोनस और स्टॉक स्प्लिट का तोहफा भी, फिर भी सोमवार को बॉश के शेयर में गिरावट दिखी।

ऑटो कंपोनेंट बनाने वाली कंपनी बॉश लिमिटेड के शेयर सोमवार, 9 नवंबर को गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सुबह 10 बजे तक शेयर 3% की गिरावट के साथ 49400 पर कारोबार कर रहा था. कंपनी ने सितंबर तिमाही (Q2FY27) के नतीजे जारी किए और साथ ही चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही के लिए सतर्क तस्वीर पेश की। कागज पर नतीजे मजबूत दिखे, बोर्ड ने बोनस और स्टॉक स्प्लिट को भी हरी झंडी दी, लेकिन बाजार ने मैनेजमेंट की आगे की बातों को ज्यादा गंभीरता से लिया।

मुहूर्त ट्रेडिंग में भी 3% से ज्यादा टूटा था शेयर

मुहूर्त ट्रेडिंग में बॉश का शेयर 3.19% गिरकर 50,800 रुपये पर बंद हुआ था। ये गिरावट ऐसे शेयर में आई है, जो इस साल अब तक 40% से ज्यादा चढ़ चुका है। यानी 2026 में शेयर ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है, पर आगे की धुंधली तस्वीर ने फिलहाल उस रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।


मैनेजमेंट ने क्यों दिखाई सावधानी

अर्निंग्स कॉल में बॉश ने साफ कहा कि FY27 की दूसरी छमाही में कारोबारी हालात मुश्किल बने रह सकते हैं। तीन चीजें डिमांड पर दबाव डाल सकती हैं, महंगाई का दबाव, कमजोर मानसून और सख्त होती ब्याज दरें। गाड़ियों की बिक्री इन तीनों से सीधे जुड़ी होती है, इसलिए ऑटो कंपोनेंट कंपनी के लिए ये संकेत अहम हैं।

टू-व्हीलर बाजार को लेकर भी कंपनी ज्यादा उत्साहित नहीं है। उसका अनुमान है कि Q3FY27 में टू-व्हीलर बाजार में ग्रोथ सपाट से लेकर मामूली रह सकती है। इसकी एक वजह पिछले साल का ऊंचा बेस भी है। जब पिछले साल की बिक्री पहले से ऊंची हो, तो उसके मुकाबले बड़ी बढ़त दिखाना मुश्किल हो जाता है।

कच्चे माल की महंगाई का बोझ, पूरी भरपाई की गारंटी नहीं

कंपनी के RBIC बिजनेस के मार्जिन पर मैनेजमेंट ने कहा कि इसमें सुधार शायद एक और तिमाही के बाद दिखेगा। सबसे बड़ी चिंता बढ़ी हुई इनपुट कॉस्ट की है। कंपनी इस बढ़े खर्च को कीमतें बढ़ाकर वसूलना चाहती है, लेकिन ग्राहकों तक अतिरिक्त लागत पहुंचाने में वक्त लगता है। इसलिए ये भरपाई धीरे-धीरे होगी।

मैनेजमेंट ने ये भी माना कि कंपनी पूरी लागत बढ़ोतरी वसूलने की कोशिश करेगी, मगर 100% भरपाई की कोई गारंटी नहीं है। मतलब आने वाली तिमाहियों में मार्जिन पर कुछ दबाव बना रह सकता है।

कैपेक्स को लेकर मैनेजमेंट ने बताया कि खर्च आमतौर पर एक मौसमी पैटर्न पर चलता है। इसमें Q3 में कैपेक्स खास तौर पर ऊंचा रहता है।

मुनाफा 18.6% बढ़ा, पर इसमें वन-टाइम फायदा भी

Q2FY27 में बॉश का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 18.6% बढ़कर 839.4 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में ये 708 करोड़ रुपये था। हालांकि इस मुनाफे में 130 करोड़ रुपये का वन-टाइम गेन भी शामिल है, जो हर तिमाही नहीं आता।

ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी ने ग्रोथ दिखाई। EBITDA सालाना आधार पर 23.2% बढ़कर 1,037 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 842 करोड़ रुपये था। लेकिन EBITDA मार्जिन 14% से घटकर 13.5% पर आ गया। कमाई बढ़ी, पर हर 100 रुपये की कमाई पर बचत थोड़ी घट गई।

3:1 बोनस और स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी

नतीजों के साथ बोर्ड ने शेयरधारकों के लिए दो बड़े फैसले भी लिए। पहला, 3:1 के अनुपात में बोनस इश्यू, जिसके तहत हर 1 शेयर पर 3 बोनस शेयर मिलेंगे। दूसरा, स्टॉक स्प्लिट, जिसमें 10 रुपये फेस वैल्यू वाला हर शेयर 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में बंट जाएगा। 50,000 रुपये से ऊपर के भाव वाले शेयर में ये दोनों कदम छोटे निवेशकों के लिए इसे खरीदना आसान बना सकते हैं, लेकिन फिलहाल बाजार का ध्यान आउटलुक पर ही टिका रहा।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।