Bosch Share: ₹50,000 का है एक शेयर, अब बोर्ड से मिली स्टॉक स्प्लिट और बोनस की मंजूरी, 1 के बदले मिलेंगे 20 शेयर

Bosch Share: ऑटो कंपोनेंट कंपनी बॉश ने तिमाही नतीजों के साथ शेयरधारकों को स्टॉक स्प्लिट और बोनस का डबल तोहफा दिया, लेकिन शेयर में मुनाफावसूली दिखी। मुनाफे में ₹130 करोड़ का एकमुश्त फायदा भी शामिल है। जानिए आपके शेयरों का क्या होगा और नतीजे कैसे रहे

अपडेटेड Nov 06, 2026 पर 5:25 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Bosch के बोर्ड ने 1:5 स्टॉक स्प्लिट और 3:1 बोनस को मंजूरी दी है।

बॉश लिमिटेड (Bosch Limited) ने अपने शेयरधारकों के लिए स्टॉक स्प्लिट और बोनस, दोनों का ऐलान एक साथ किया है। इसके बाद कंपनी का हर 1 शेयर 20 शेयरों में बदल जाएगा। ये 2004 के बाद कंपनी का पहला स्टॉक स्प्लिट है। लेकिन इतनी बड़ी खबर के दिन भी शेयर लाल निशान में बंद हुआ। शुक्रवार, 6 नवंबर को BSE पर बॉश का शेयर 3.21% गिरकर ₹50,765 पर बंद हुआ।

पहले 1 के 5, फिर हर शेयर पर 3 बोनस

बोर्ड ने 1:5 के स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दी है। इसके तहत ₹10 फेस वैल्यू का हर शेयर ₹2 फेस वैल्यू के 5 शेयरों में बंट जाएगा। इसके साथ 3:1 के अनुपात में बोनस शेयर भी मिलेंगे, यानी हर 1 शेयर पर 3 बोनस शेयर। स्प्लिट और बोनस को मिलाकर 1 शेयर कुल 20 शेयर बन जाएगा। जिसके पास आज बॉश के 10 शेयर हैं, उसके पास 200 शेयर हो जाएंगे।


22 साल बाद स्टॉक स्प्लिट

बॉश ने दो दशक से ज्यादा समय में पहली बार स्टॉक स्प्लिट का ऐलान किया है। इससे पहले 2004 में कंपनी ने ₹100 फेस वैल्यू के 1 शेयर को ₹10 फेस वैल्यू के 10 शेयरों में बांटा था। अब ₹10 वाला शेयर ₹2 फेस वैल्यू के 5 शेयरों में बंटेगा।

मुनाफे में ₹130 करोड़ का एकमुश्त फायदा

जुलाई-सितंबर तिमाही में बॉश का नेट प्रॉफिट ₹839.4 करोड़ रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹708 करोड़ था। लेकिन इस मुनाफे में ₹130 करोड़ का एक बार का फायदा शामिल है। इसे हटा दें तो मुनाफा ₹709.4 करोड़ बनता है।

रेवेन्यू सालाना आधार पर 28.2% बढ़कर ₹7,655 करोड़ पर पहुंच गया, जो एक साल पहले ₹5,969 करोड़ था। EBITDA बढ़कर ₹1,037 करोड़ रहा, जो पिछले साल ₹842 करोड़ था। EBITDA मार्जिन पिछले साल के 14% से हल्का घटकर 13.5% रहा।

शेयर का क्या है हाल?

शुक्रवार को दिन की शुरुआत अच्छी रही। गुरुवार को ₹52,450 पर बंद हुआ शेयर ₹52,540 पर खुला और ₹52,650 तक चढ़ गया, जो इसका 52 हफ्ते का नया हाई है। इसके बाद बिकवाली शुरू हुई और शेयर ₹50,321.20 के निचले स्तर तक आ गया। आखिर में ये ₹50,765 पर बंद हुआ।

शुक्रवार की गिरावट से पहले शेयर लगातार चढ़ रहा था। पिछले दो हफ्ते में शेयर 15% तक चढ़ चुका है। 6 महीने में इसने 38.44% और इस साल अब तक 40.45% का रिटर्न दिया है। 52 हफ्ते का निचला स्तर ₹28,650.05 है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।