ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने IT सेक्टर के स्टॉक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और इंफोसिस (Infosys) के शेयरों को तवज्जो दी है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि अर्निंग और वैल्यूएशन के लिहाज से इन कंपनियों का जोखिम सीमित है, लिहाजा इन पर दांव लगाना बेहतर हो सकता है। बहरहाल, जेफरीज ने पूरे IT सेक्टर के भीतर निवेश को लेकर चुनिंदा रुख अख्तियार कर रखा है।
ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि इस सेक्टर के लिए अनुमान से बेहतर परफॉर्मेंस की गुंजाइश सीमित है। इस सेक्टर के लिए वित्त वर्ष 2026 और वित्त वर्ष 2027 के दौरान अमेरिकी डॉलर के लिहाज से रेवेन्यू ग्रोथ 7.5%-8% रहने का अनुमान है। जेफरीज (Jefferies) ने अपने नोट में कहा है कि 2023 और 2024 में निफ्टी IT इंडेक्स की परफॉर्मेंस निफ्टी के मुकाबले बेहतर रही है। प्रति शेयर अर्निंग अनुमानों में कटौती के बावजूद इस दौरान ज्यादातर कंपनियों की परफॉर्मेंस बेहतर रही।
जेफरीज का मानना है कि ग्रोथ में तेज रिकवरी की उम्मीदों की वजह से निफ्टी IT इंडेक्स की परफॉर्मेंस निफ्टी के मुकाबले बेहतर रही। फाइनेंशियल ईयर 2025 और 2026 के लिए प्रति शेयर अर्निंग अनुमानों की वजह से ज्यादातर स्टॉक में गिरावट की आशंका है। जेफरीज ने अपने नोट में कहा है, 'फॉरेन इंस्टी्टयूशनल इनवेस्टर्स (FII) ने ऊंचे वैल्यूएशन की वजह से भारतीय आईटी शेयरों को लेकर अपनी पोजिशन में कटौती की है। बहरहाल, हमारा कहना है कि घरेलू म्यूचुअल फंडों ने 2024 में इसकी खरीदारी की है और अब वे इसको लेकर न्यूट्रल हैं।
शेयर बाजार में 26 अगस्त को IT कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली। फेडरल रिजर्व के चेयरमैन द्वारा पिछले हफ्ते ब्याज दरों में कटौती के संकेत दिए जाने के बाद 26 अगस्त को शेयर बाजार शानदार बढ़त के साथ बंद हुए और इसका असर IT सेक्टर की कंपनियों पर भी देखने को मिला।