देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries (RIL) ने तीसरी तिमाही में अनुमान से अच्छे नतीजे पेश किये। कंपनी का मुनाफा बढ़कर 17,806 करोड़ रुपये हुआ। कंपनी के एबिटा में भी सुधार हुआ। जियो के भी शानदार नतीजे आये हैं। इसका ARPU भी बढ़कर 178 रुपए के पार पहुंच गया। कंपनी ने शुक्रवार 20 जनवरी को बाजार बंद होने के बाद अपने नतीजे जारी किये। कंपनी के टेलीकॉम सेगमेंट के रिलायंस जियो और रिटेल सेगमेंट की कारोबर करने वाली कंपनी रिलायंस रिटेल के नतीजे भी अच्छे रहे। रिलायंस इंडस्ट्रीज के नतीजों के बाद बड़े ब्रोकरेज हाउसेज ने इस स्टॉक पर अपनी निवेश रणनीति बनाई है। जानते हैं किस ब्रोकरेज की क्या है सलाह
इस बीच आज सुबह 10.41 बजे के करीब रिलायंस का शेयर 0.52 प्रतिशत या 12.65 रुपये चढ़कर 2455 रुपये के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आया।
जेफरीज ने रिलायंस पर राय देते हुए कहा कि O2C और जियो का EBITDA अनुमान से बेहतर रहा। रिटेल का EBITDA भी अनुमान के मुताबिक रहा। कंपनी की FY24 के लिए मजबूत ग्रोथ आउटलुक दिख रहा है। 5G के तेज रोलआउट से कंपनी की ग्रोथ बढ़ेगी। डीजल स्प्रेड से O2C कारोबार को फायदा होगा। वहीं चीन में डिमांड रिकवरी से FY24 नतीजों में तेजी संभव है। इन्होंने इस शेयर पर खरीदारी की रेटिंग दी है। इसके शेयर का टारगेट 3,110 रुपये प्रति शेयर तय किया है।
जेपी मॉर्गन ने रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) पर ओवरवेट रेटिंग दी है। उन्होंने इसके शेयर का लक्ष्य 3015 रुपये तय किया है। उनका कहना है कि O2C के अच्छे प्रदर्शन से EBITDA, मुनाफा अनुमान से ज्यादा रहा। CY23 के नतीजों को एनर्जी से बड़ा बूस्ट संभव है। चीन की री-ओपनिंग से एनर्जी कारोबार को मजबूती मिलेगी।
नोमुरा ने रिलायंस पर राय देते हुए कहा कि O2C का दमदार प्रदर्शन रहा। कंपनी का कंज्यूमर बिजनेस भी मजबूत रहा। आगे भी जियो और O2C के बिजनेस में मजबूती संभव है। जियो ने टैरिफ हाइक की योजना टाली है। इन्होंने इस स्टॉक पर खरीदारी की रेटिंग दी है। इसका लक्ष्य 2850 रुपये तय किया है।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )
(डिस्क्लोजर: Moneycontrol.com नेटवर्क 18 का हिस्सा है। नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)