सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (Market Cap) में बीते सप्ताह कुल मिलाकर 4.48 लाख करोड़ रुपये की भारी गिरावट आई। सबसे ज्यादा नुकसान भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और HDFC Bank को हुआ। बीते सप्ताह सेंसेक्स 4,354.98 अंक या 5.51 प्रतिशत नीचे आया। निफ्टी 1,299.35 अंक या 5.31 प्रतिशत के नुकसान में रहा। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच महंगाई के दबाव और वैश्विक आर्थिक स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। इससे देश का शेयर बाजार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
बीते सप्ताह SBI का मार्केट कैप सबसे ज्यादा 89,306.22 करोड़ रुपये घटकर 9,66,261.05 करोड़ रुपये रह गया। HDFC Bank का मार्केट कैप 61,715.32 करोड़ रुपये घटकर 12,57,391.76 करोड़ रुपये रहा। इसी तरह बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 59,082.49 करोड़ के नुकसान के साथ 5,32,053.54 करोड़ रुपये, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का 53,312.52 करोड़ रुपये घटकर 8,72,067.63 करोड़ रुपये, आईसीआईसीआई बैंक का 42,205.04 करोड़ रुपये घटकर 8,97,844.78 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का मार्केट कैप 38,688.78 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 10,28,431.72 करोड़ रुपये रह गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 33,289.88 करोड़ रुपये गिरकर 18,68,293.17 करोड़ रुपये, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का 31,245.49 करोड़ रुपये घटकर 4,88,985.57 करोड़ रुपये, इंफोसिस का 24,230.96 करोड़ रुपये घटकर 5,06,315.58 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 15,401.57 करोड़ रुपये घटकर 5,07,640.94 करोड़ रुपये रह गया।
टॉप 10 कंपनियों में RIL अव्वल
सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम पर रही। उसके बाद क्रमश: HDFC Bank, भारती एयरटेल, SBI, ICICI Bank, TCS, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस और LIC का स्थान रहा।
नए सप्ताह में 16 मार्च को मेनबोर्ड सेगमेंट में BSE, NSE पर Rajputana Stainless की लिस्टिंग हो सकती है। 18 मार्च को NSE SME पर Apsis Aerocom के शेयरों के लिस्ट होने की उम्मीद है। 20 मार्च को BSE, NSE पर Innovision के शेयर लिस्ट हो सकते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।