वॉरेन बफे की कंपनी बर्कशायर हैथवे (Berkshire Hathaway) वन97 कम्युनिकेशंस (पेटीएम) से पूरी तरह बाहर निकल गई है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की तरफ से जारी बल्क डील डेटा से यह जानकारी मिली है। बर्कशायर ने पेटीएम (Paytm) में मौजूद अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच दी है। इस हिस्सेदारी को घिसल्लो मास्टर फंड (Ghisallo Master Fund) और कॉप्टहॉल मॉरीशस इनवेस्टमेंट (Copthall Mauritius Investment) को खरीदा है। इन दोनों इकाइयों ने Paytm के क्रमशः 42,75,000 और 75,75,529 शेयरों को खरीदा है।
शेयरों की बिक्री 877.2 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत के हिसाब से हुई है। बर्कशायर को इस डील से 1,371 करोड़ रुपये मिले हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में Paytm का शेयर 3.34 पर्सेंट की गिरावट के साथ 892.55 रुपये पर बंद हुआ। शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक, सितंबर के आखिर में कंपनी में बर्कशायर (BH इंटरनेशनल) के पास 1,56,23,529 शेयर थे। इन शेयरों के हिसाब से Paytm में बर्कशायर की हिस्सेदारी 2.46 पर्सेंट थी।
IPO प्रॉस्पेक्ट्स के मुताबिक, BH इंटरनेशनल के लिए शेयरों के अधिग्रहण की औसत कीमत 1,279.7 रुपये प्रति शेयर थी। Paytm के शेयरों में रिकवरी शुरू होने के साथ ही प्री-आईपीओ इनवेस्टर्स कंपनी के अपने स्टॉक की बिक्री कर रहे हैं। बर्कशायर से पहले सॉफ्टबैंक (SoftBank ) ओपन मार्केट ट्रांजैक्शन के जरिये छोटी-छोटी किस्तों में शेयरों की लगातार बिक्री कर रही है।