Bitcoin ETF: देश में लोकसभा चुनाव का माहौल बना हुआ है। इस माहौल के बीच नेता अपने-अपने क्षेत्र से चुनावी नामांकन भी दाखिल कर रहे हैं। इस दौरान नेताओं को अपने इनकम से जुड़ी जानकारी भी देनी होती है। वहीं अब कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी चुनावी नामांकन दाखिल किया है, जिसमें उनकी संपत्ति का ब्योरा सामने आया है। इसके साथ ही उनके इंवेस्टमेंट पोर्टफोलियो के बारे में भी जानकारी मिली है।
करोड़ों रुपये का इंवेस्टमेंट
कांग्रेस नेता शशि थरूर के इंवेस्टमेंट पोर्टफोलियो ने कई लोगों के बीच दिलचस्पी जगाई है। केरल के तिरुवनंतपुरम से मौजूदा सांसद ने बुधवार 5 अप्रैल को लोकसभा की तिरुवनंतपुरम सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। थरूर ने अपने हलफनामे में कुल करीब 49 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति का खुलासा किया है। संपत्तियों में कई बैंकों में एफडी, म्यूचुअल फंड में इंवेस्टमेंट, इक्विटी-लिंक्ड बचत योजनाएं, टैक्स-फ्री बॉन्ड, बिटकॉइन ईटीएफ और विदेशी इक्विटी शामिल हैं।
बिटकॉइन ईटीएफ में भी इंवेस्टमेंट
हलफनामे के मुताबिक थरूर ने भारत के बाहर 16 करोड़ रुपये से ज्यादा का इंवेस्टमेंट किया है। इनमें 5.11 लाख रुपये का बिटकॉइन ईटीएफ इंवेस्टमेंट, 9.33 करोड़ रुपये का इक्विटी निवेश, 3.47 करोड़ रुपये के कॉर्पोरेट बॉन्ड, 91.7 लाख रुपये की जमा राशि और 19.98 लाख रुपये का ऑप्शंस इंवेस्टमेंट शामिल हैं। इसके अलावा उनके पास यूएस ट्रेजरी सिक्योरिटी में 2.03 करोड़ रुपये का इंवेस्टमेंट और एस्टी कैपिटल में 1.11 करोड़ रुपये का लोन शामिल है।
थरूर के पास भारत में 19 बैंक खातों में अलग-अलग अमाउंट जमा है और विभिन्न बॉन्ड, डिबेंचर और म्यूचुअल फंड सहित अन्य में निवेश है। कांग्रेस सांसद ने सरकारी बॉन्ड में लगभग 39 लाख रुपये का इंवेस्टमेंट किया है, जिसमें हुडको टैक्स फ्री बॉन्ड और 15 लाख रुपये के आरबीआई बॉन्ड शामिल हैं। उन्होंने एनएचएआई टैक्स फ्री बॉन्ड में इंवेस्टमेंट किया है, जिसमें ट्रेंच I सीरीज 2बी (01/04) में 10 लाख रुपये और ट्रेंच II सीरीज 2बी (01/10) में 4.43 लाख रुपये शामिल हैं।
इन फंड्स में भी इंवेस्टमेंट
उनके पास ईएलएसएस फंडों का एक पोर्टफोलियो है, जिसमें फ्रैंकलिन इंडिया ईएलएसएस टैक्स सेवर फंड (6.98 लाख रुपये), एक्सिस ईएलएसएस टैक्स सेवर फंड (G) (8.26 लाख रुपये) और एक्सिस ईएलएसएस टैक्स सेवर फंड आईडीसीडब्ल्यू (3.43 लाख रुपये) शामिल हैं। उन्होंने फ्रैंकलिन इंडिया ईएलएसएस टैक्स सेवर फंड आईडीसीडब्ल्यू, एचडीएफसी ईएलएसएस टैक्स सेवर रेग (G), और मिराए ईएलएसएस टैक्स सेवर फंड रेग में भी निवेश किया है।
थरूर ने फ्लेक्सी-कैप और मल्टी-कैप पोर्टफोलियो फंड जैसे फ्रैंकलिन इंडिया बैलेंस्ड एडवांटेज फंड, एडलवाइस एमएससीआई इंडिया डोमेस्टिक एंड वर्ल्ड हेल्थकेयर 45 इंडेक्स फंड, फ्रैंकलिन इंडिया फीडर - फ्रैंकलिन यू.एस. अपॉर्चुनिटीज फंड, एचडीएफसी फ्लेक्सी कैप फंड, आईसीआईसीआई प्रू मल्टीकैप फंड और कोटक फ्लेक्सी फंड में भी निवेश किया है। कांग्रेस नेता की अचल संपत्ति की कीमत 6.75 करोड़ रुपये है, जिसमें पलक्कड़ में 2.51 एकड़ कृषि भूमि में विरासत में मिला एक-चौथाई हिस्सा शामिल है। उनके हलफनामे के अनुसार, उनकी चल संपत्ति में 32 लाख रुपये मूल्य का 534 ग्राम सोना और 36,000 रुपये नकद शामिल हैं।