मार्च 2023 तिमाही के नतीजों के बाद भी कैपिटल गुड्स, हॉस्पिटैलिटी और ऑटो सेक्टर का प्रदर्शन मजबूत रहेगा। अगली तिमाहियों में भी इनके नतीजे अच्छे आएंगे। हालांकि अब तक काफी तेजी दिखा चुके बैंकों की गति थोड़ी धीमी पड़ सकती है। ये बातें एक्सिस सिक्योरिटीज PMS के पोर्टफोलियो मैनेजर निशित मास्टर ने मनीकंट्रोल के साथ हुई बातचीत में कही हैं। उन्होंने इस बातचीत में आगे कहा कि एक अच्छे टाइम करेक्शन के बावजूद कंज्यूमर स्टेपल के वैल्यूएशन अभी भी सस्ते नहीं हैं। रूरल मार्केट में बिक्री पर दबाव इन कंपनियों के लिए एक नेगेटिव फैक्टर है। ऐसे में पोर्टफोलियो मैनेजमेंट का 16 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाले निशित मास्टर का मानना है कि कंज्यूमर स्टेपल कंपनियां तभी अच्छा प्रदर्शन करेंगी। जब इनके वॉल्यूम में सुधार दिखेगा। हालांकि अभी इसमें थोड़ा समय लग सकता है।
बैंकिंग और NBFC कंपनियों पर बात करते हुए निशित ने कहा कि एसेट क्वालिटी में सुधार, क्रेडिट कॉस्ट में गिरावट, कुछ ऐसे पॉजिटिव फैक्टर रहे हैं जिससे इस सेक्टर के मार्जिन में मजबूती आई है। आगे भी हमें बैंकों की अर्निंग में मजबूती देखने को मिल सकती है। हालांकि अगली कुछ तिमाहियों में हमें इनके मार्जिन पर हल्का दबाव देखने को मिल सकता है। हालांकि इस अवधि में फंड लागत में स्थिरता और लेंडिंग यील्ड में सुधार के चलते कुछ NBFC कंपनियों के मार्जिन में अच्छी मजबूती देखने को मिल सकती है।
क्या चौथी तिमाही के नतीजे आपके उम्मीद के मुताबिक रहे हैं। इस सवाल पर निशित ने कहा कि चौथी तिमाही के नतीजे मिले-जुले रहे हैं। इस अवधि में कैपिटल गुड्स, बैंक, ऑटो, हॉस्पिटैलिटी के नतीजे बेहतर रहे हैं। जबकि आईटी एफएमसीजी और एग्री इनपुट ने निराश किया है। उन्होंने आगे कहा कि कैपिटल गुड्स, हॉस्पिटैलिटी और ऑटो आने वाली तिमाहियों में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उम्मीद है कि बैंकों के नतीजे भी आगे अच्छे रहेंगे। हालांकि इनकी ग्रोथ की गति थोड़ा धीमी पड़ सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।