Corporate Actions : बोनस शेयर और स्टॉक स्प्लिट के बीच इन शेयरों पर रहेगा फोकस, रिकॉर्ड डेट इसी हफ्ते

Corporate Actions : कंपनी मार्केट में लिक्विडिटी बढ़ाने या शेयरों को अधिक किफायती बनाने के लिए स्टॉक स्प्लिट और बोनस शेयर जारी करने का निर्णय लेती है। बोनस शेयर के तहत मौजूदा शेयरधारकों को मुफ्त में अतिरिक्त शेयर दिए जाते हैं। वहीं, स्टॉक स्प्लिट के तहत मौजूदा शेयरों को कई शेयरों में विभाजित कर दिया जाता है

अपडेटेड Oct 07, 2023 पर 9:15 PM
अगले हफ्ते स्टॉक स्प्लिट और बोनस शेयर जैसे कॉर्पोरेट एक्शन के चलते कई कंपनियों के शेयर फोकस में रहने वाले हैं।

Corporate Actions : अगले हफ्ते स्टॉक स्प्लिट और बोनस शेयर जैसे कॉर्पोरेट एक्शन के चलते कई कंपनियों के शेयर फोकस में रहने वाले हैं। कंपनी मार्केट में लिक्विडिटी बढ़ाने या शेयरों को अधिक किफायती बनाने के लिए स्टॉक स्प्लिट और बोनस शेयर जारी करने का निर्णय लेती है। बोनस शेयर के तहत मौजूदा शेयरधारकों को मुफ्त में अतिरिक्त शेयर दिए जाते हैं। वहीं, स्टॉक स्प्लिट के तहत मौजूदा शेयरों को कई शेयरों में विभाजित कर दिया जाता है। हालांकि, इसमें कंपनी का मार्केट कैप नहीं बदलता। यहां हम उन 6 शेयरों के बारे में बताने जा रहे हैं जो आने वाले हफ्ते में एक्स-बोनस और एक्स-स्प्लिट ट्रेड करेंगे।

Sigachi Industries

कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग 9 सितंबर 2023 को हुई थी, जिसमें स्टॉक स्प्लिट का निर्णय लिया गया। बोर्ड ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले मौजूदा 1 इक्विटी शेयर को 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 इक्विटी शेयरों में विभाजित करने का फैसला किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 09.10.2023 है। एनएसई पर स्टॉक शुक्रवार को 411.50 रुपये पर बंद हुआ है।


Gujarat Themis Biosyn

कंपनी ने स्टॉक स्प्लिट के लिए शेयरधारकों की पात्रता तय करने के लिए रिकॉर्ड डेट मंगलवार, 10 अक्टूबर 2023 को तय किया है। एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार इसके तहत 5 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर को 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 इक्विटी शेयरों में बांटने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को गुजरात थेमिस बायोसिन के शेयर बीएसई पर 1038.10 रुपये पर बंद हुए।

Themis Medicare

Themis Medicare ने स्टॉक स्प्लिट के लिए शेयरधारकों की पात्रता तय करने के लिए रिकॉर्ड डेट 10 अक्टूबर 2023 को तय किया है। इसके तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर को 1 रुपये के फेस वैल्यू वाले 10 इक्विटी शेयरों में बांटा गया है। इसके शेयर शुक्रवार को 1,883.10 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं।

Jonjua Overseas

कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 9:50 के अनुपात में बोनस शेयरों को मंजूरी दी है। इसका मतलब है कि मौजूदा शेयरधारकों को रिकॉर्ड डेट तक रखे गए प्रत्येक 50 शेयरों के लिए 9 अतिरिक्त शेयर मिलेंगे। 10 अक्टूबर को रिकॉर्ड डेट के रूप में तय किया गया है। इसका एक्स-डेट भी इसी दिन है।

Advance Lifestyles

कंपनी ने 1:1 अनुपात में बोनस शेयरों को मंजूरी दी है और रिकॉर्ड डेट 13 अक्टूबर तय की गई है और एक्स-डेट उसी तारीख को पड़ रही है। शुक्रवार को एडवांस लाइफस्टाइल के शेयर बीएसई पर 114.40 रुपये पर बंद हुए।

RMC Switchgears

RMC Switchgears ने 13 अक्टूबर 2023 को रिकॉर्ड डेट के साथ 1:2 अनुपात में बोनस शेयर जारी करने का निर्णय लिया है। बीएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार आरएमसी स्विचगियर्स के शेयरों का 13 अक्टूबर को एक्स-बोनस कारोबार होगा। कंपनी के शेयर शुक्रवार को बीएसई पर 713 रुपये पर बंद हुए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।