IT कंपनी साइएंट लिमिटेड 720 करोड़ रुपये के शेयरों का बायबैक करने जा रही है। इसके लिए कंपनी ने अपना 'लेटर ऑफ ऑफर' जमा कर दिया है। कंपनी टेंडर ऑफर रूट के जरिए 1,125 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर अपने शेयरहोल्डर्स से 64 लाख तक फुली पेड-अप इक्विटी शेयर वापस खरीदेगी। बायबैक ऑफर में वे सभी शेयरहोल्डर्स हिस्सा ले सकते हैं, जिनके नाम रिकॉर्ड डेट 17 जून, 2026 तक शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में थे। इसमें साइएंट के प्रमोटर, प्रमोटर ग्रुप के सदस्य और कंट्रोल रखने वाले लोग शामिल नहीं हैं।
कंपनी का कहना है कि बायबैक विंडो 23 जून, 2026 को सुबह 10:00 बजे खुलेगी और 30 जून, 2026 को शाम 5:00 बजे बंद होगी। एंटाइटेलमेंट रेश्यो के तहत, छोटे शेयरधारक रिकॉर्ड डेट पर अपने पास मौजूद हर 19 शेयरों पर 2 इक्विटी शेयर टेंडर कर सकेंगे, यानि कि बेचने के लिए पेश कर सकेंगे। वहीं अन्य सभी पात्र शेयरधारक रिकॉर्ड डेट पर उनके पास मौजूद हर 14 शेयरों पर 1 इक्विटी शेयर टेंडर कर सकेंगे।
एक्सिस कैपिटल इस बायबैक के लिए मैनेजर के तौर पर काम कर रहा है। रजिस्ट्रार KFin टेक्नोलोजिज है। इससे पहले Cyient ने साल 2019 में शेयर बायबैक किया था।
Cyient का शेयर 6 महीनों में 26 प्रतिशत कमजोर
BSE पर साइएंट लिमिटेड के शेयर का वर्तमान भाव 858.05 रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। शेयर 6 महीनों में 26 प्रतिशत टूटा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 23.28 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,364.40 रुपये और एडजस्टेड लो 751 रुपये है।
साइएंट के मुताबिक, उसने पहले US सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) से छूट के लिए संपर्क किया था क्योंकि टेंडर ऑफर बायबैक से जुड़े भारतीय और अमेरिकी नियमों में अंतर है। 22 मई, 2026 के अपडेटेड असेसमेंट के बाद यह पाया गया कि अमेरिका में शेयरधारकों के पास साइएंट के आउटस्टैंडिंग इक्विटी शेयरों का 10% से भी कम हिस्सा है। इस वजह से यह बायबैक U.S. सिक्योरिटीज एक्सचेंज एक्ट, 1934 के नियम 13e-4(h)(8) के तहत "टियर I" छूट के लिए योग्य है। इसके चलते SEC से छूट या 'नो-एक्शन' राहत लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसलिए, यह बायबैक भारतीय नियमों और U.S. सिक्योरिटीज कानूनों के तहत उपलब्ध छूटों के आधार पर आगे बढ़ेगा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।