Data Patterns Share Price: ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंकिंग फर्म जेफरीज डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में डेटा पैटर्न्स (इंडिया) लिमिटेड (Data Patterns) के शेयर पर बुलिश है। कमजोर तिमाही नतीजों के बाद भी जेफरीज को उम्मीद है कि ये स्टॉक 47% का रिटर्न दे सकता है। यहीं वजह है कि जेफरीज ने डेटा पैटर्न्स पर Buy रेटिंग दी है और इसके लिए टारगेट प्राइस ₹5,545 तय किया है, जो मौजूदा स्तर से 47% की तेजी की संभावना है।
डेटा पैटर्न्स की सितंबर तिमाही में EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमोर्टाइजेशन से पहले की कमाई) जेफरीज के अनुमान से 61% कम रही। इसकी मुख्य वजह रेवेन्यू में भारी कमी और मार्जिन का उम्मीद से 590 बेसिस पॉइंट्स कम रहना था।
पहली छमाही में 39% की गिरावट के बावजूद, कंपनी के मैनेजमेंट ने पूरे साल के लिए 20% से 25% रेवेन्यू ग्रोथ का अपना लक्ष्य (गाइडेंस) बरकरार रखा है। उन्हें भरोसा है कि मजबूत ऑर्डर बुक के दम पर काम में तेजी आएगी। बता दें कि कंपनी की ऑर्डर बुक सालाना आधार पर 2.6 गुना बढ़ गई है।
जेफरीज के अनुसार, अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए डेटा पैटर्न्स को साल की दूसरी छमाही में अपना रेवेन्यू 66% से 75% तक बढ़ाना होगा। कंपनी के पास ₹1,700 करोड़ की ऑर्डर बुक है, जो आगे के लिए अच्छी संभावनाएं दिखाती है।
डेटा पैटर्न्स ने पिछले साल की सितंबर तिमाही में सब-सिस्टम का एक्सपोर्ट शुरू किया था। कंपनी ने यूरोप को पूरी तरह से विकसित 'प्रिसिजन अप्रोच रडार' (PAR) सिस्टम डिलीवर किया है, जो भविष्य में और अधिक एक्सपोर्ट कॉन्ट्रैक्ट्स के रास्ते खोल सकता है। जेफरीज के नोट में यह भी बताया गया है कि कंपनी सिविल एविएशन के लिए एवियोनिक्स और सेंसर के क्षेत्र में भी विस्तार करने की योजना बना रही है।
जेफरीज के मुताबिक, ₹5,545 के प्राइस टारगेट के हिसाब से डेटा पैटर्न्स का वैल्यूएशन सितंबर 2028 की अनुमानित कमाई का 65 गुना बैठता है। नवंबर 2021 में लिस्टिंग के बाद से यह इसके पीक से 20% कम है। जेफरीज के अनुसार, कंपनी को वित्त वर्ष 2026-2030 के दौरान अपने कुल मुनाफे में 2.4 गुना वृद्धि की उम्मीद है। 18% से अधिक का रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE), कर्ज-मुक्त बैलेंस शीट और इन-हाउस तकनीक के साथ, रक्षा क्षेत्र में बढ़ते अवसरों को देखते हुए कंपनी का वैल्यूएशन ऊंचा बना रह सकता है।
हालांकि जेफरीज ने अपने नोट में कुछ प्रमुख जोखिमों का भी जिक्र किया है, जैसे कि कंपनी की तकनीक का पुराना पड़ जाना और प्रबंधन (मैनेजमेंट) की सीमित क्षमता।
अपसाइड सिनेरियो में 63% का उछाल मुमकिन
जेफरीज का मानना है कि सबसे बेहतर स्थिति (अपसाइड सिनेरियो) में अगर रक्षा क्षेत्र में ऑर्डर मिलने की गति तेज होती है। नए प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है और शॉर्ट टर्म में और टेंडर जारी किए जाते हैं, तो 'डेटा पैटर्न्स' के शेयर मौजूदा स्तर से 63% बढ़कर ₹6,160 तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा, 'मेक इन इंडिया' कार्यक्रम के जोर पकड़ने और घरेलू ऑर्डरों की हिस्सेदारी बढ़ने से भी कंपनी को और फायदा मिल सकता है।
सोमवार को 'डेटा पैटर्न्स' के शेयर 8.7% की तेजी के साथ ₹4,025 पर बंद हुए। इस साल अब तक यह शेयर 55% चढ़ चुका है।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।