Defense stocks : पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच आई मज़बूत खरीदारी के दम पर शुक्रवार को डिफेंस शेयरों में लगातार दूसरे सेशन में बढ़त देखने को मिल रही है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL),गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड और मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स के शेयरों में जोरदार तेजी दिख रही है। पिछले ट्रेडिंग सेशन में 2.5 फीसदी की बढ़त के बाद,निफ्टी डिफेंस इंडेक्स आज के कारोबारी सत्र में 3 फीसदी से ज़्यादा बढ़ दिखा रहा है।
मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स और गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड के शेयर 6.92 प्रतिशत और 6.14 प्रतिशत चढ़े है। ये इंडेक्स के सबसे ज़्यादा बढ़ने वालों में शेयरों में शामिल हैं। मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के शेयर नौ महीनों में सबसे ज़्यादा बढ़े है।
इस बीच,डिफेंस मिनिस्टर राजनाथ सिंह ने कहा है कि गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड पर खास ध्यान दिया जा रहा है ताकि देश का इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम मजबूत और फ्यूचरिस्टिक बन सके।
आज निफ्टी डिफेंस इंडेक्स के 18 में से 17 शेयर हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं। एक स्टॉक Cyient DLM लाल निशान में है। ईरान, इज़राइल और यूनाइटेड स्टेट्स के बीच बढ़ते तनाव ने डिफेंस कंपनियों में इन्वेस्टर्स की दिलचस्पी फिर से बढ़ा दी है।
बढ़ती जियोपॉलिटिकल अनिश्चितता के कारण तमाम देशों ने अपनी डिफेंस की तैयारियों पर फोकस बढ़ा दिया है। इससे मिसाइल,सर्विलांस सिस्टम,ड्रोन,गोला-बारूद और रडार सिस्टम जैसे इक्विपमेंट की डिमांड बढ़ सकती है। ऐसे माहौल में ज़्यादा ऑर्डर और बेहतर बिजनेस की उम्मीद में डिफेंस से जुड़े स्टॉक्स में खरीदारी आई है।
मझगांव डॉक और GRSE में तेजी क्यों?
मझगांव डॉक 2 दिन में करीब 18% चढ़ा है। करीब 1 लाख करोड़ रुपए की डील पर कंपनी की सफाई आई है। इसमें कहा गया है कि सरकार के साथ CNC नेगोशिएशन पर बातचीत पूरी हो गई है। डील के प्रस्ताव को अभी मंजूरी मिलना बाकी है। 3 P75 स्कॉर्पियन सबमरीन को लेकर बातचीत पूरी हो गई है। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही तक सबमरीन डील होने की उम्मीद है। Q3FY26 तक कंपनी की कुल ऑर्डर बुक 23,758 करोड़ रुपए थी। मझगांव को कई बड़े ऑर्डर संभव हैं। इसमें लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक के लिए 35,000 करोड़ रुपए, MCMV के लिए 40,000 करोड़ रुपए और 17 ब्रावो शिप के लिए 50,000 करोड़ रुपए का ऑर्डर शामिल है।
GRSE (गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स) ने एडवांस्ड नेवल सिस्टम बनाने के लिए कल्याणी स्ट्रैटेजिक के साथ करार किया है। इस करार के तहत USVs (Unmanned Surface Vessels), AUVs (Autonomous Underwater Vehicles) डेवलप किए जाएंगे।