ग्लोबल मार्केट में मायूसी के बावजूद भारतीय बाजार गुलजार, एक्सपर्ट्स से जानें आगे कैसी रह सकती है सेंसेक्स-निफ्टी की चाल

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर विदेशी निवेशकों को अपनी होल्डिंग बेचने का दबाव झेलना पड़ा तो ग्लोबल बाजार में हो रही बिकवाली का असर भारतीय इक्विटी बाजारों पर भी देखने को मिल सकता है

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 6:21 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Bector Foods share price : शेयर का 52 वीक हाई 313.82 रुपए और 52 वीक लो 165 रुपए है। 1 हफ्ते में यह शेयर 12.36 फीसदी भागा है

सोमवार को भारतीय इक्विटी बाजार पॉजिटिव जोन में कारोबार करते दिखे। इससे बाजार में पिछले हफ्ते की तेजी का सिलसिला जारी रहा। वहीं, ग्लोबल बाजारों में भारी बिकवाली देखने को मिली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर होने वाले खर्च और अमेरिकी चुनावों के नतीजों को लेकर बनी चिंताओं के कारण ग्लोबल बाजारों में और खासकर AI, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर से जुड़े शेयरों में भारी बिकवाली आई। इससे संकेत मिलता है कि निवेशक इन सेक्टरों से अपना पैसा निकाल रहे हैं।

इसके विपरीत,भारतीय बाजार ग्लोबल निवेशकों के लिए आकर्षक रूप में सामने आए हैं। हमारे बाजारों में 10 फीसदी से अधिक की तेजी आई है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने एक साल से भी अधिक समय के सबसे अधिक वीकली निवेश के साथ तेज वापसी की है। हालांकि, मार्केट दिग्गजों ने चेतावनी दी है कि यह रुझान उतनी ही तेजी से बदल भी सकता है,क्योंकि भारत का यह बेहतर प्रदर्शन ग्लोबल बाजार की स्थितियों और विदेशी फंडों के लगातार निवेश पर निर्भर करता है।

भारत ग्लोबल बाजारों से अछूता नहीं


आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स की एसोसिएट डायरेक्टर तन्वी कंचन का कहना है कि भारत ग्लोबल बाजारों से पूरी तरह कटा नहीं हुआ है,बल्कि उसे इन बाजारों के भीतर होने वाले फंड के रोटेशन (एक जगह से दूसरी जगह फंड जाने) से फायदा मिल रहा है। ये बदलाव उतनी ही तेजी से पलट भी सकते हैं। S&P 500 में 2.68 प्रतिशत की गिरावट आई है। यह अप्रैल 2025 में टैरिफ से जुड़ी गिरावट के बाद का इसका सबसे खराब हफ्ता रहा। ताइवान इंडेक्स में पिछले दो दशकों की सबसे बड़ी वीकली गिरावट देखने को मिली। जापान तथा ताइवान, दोनों ही बेयर मार्केट में चले गए हैं।

इसके विपरीत बीते हफ्ते निफ्टी लगातार सात सेशन की बढ़त के साथ शुक्रवार को 25,030 के स्तर पर बंद हुआ। उन्होंने आगे कहा कि इस हफ्ते विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजारों में लगभग 46,000 करोड़ रुपये का निवेश किया,जिसमें से अकेले शुक्रवार को ही 13,750 करोड़ रुपये का निवेश आया। इसकी वजह ये है कि भारतीय बाजार एक AI कॉन्ट्रेरियन स्ट्रेटेजी (AI contrarian strategy) के रूप में उभरे हैं और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से उन्हें सीधा फायदा मिला है।

तन्वी कंचन ने आगे कहा कि बाजार में चल रही तेजी के लिए सबसे बड़े जोखिम कच्चे तेल की कीमतें,अमेरिका-ईरान बातचीत में होने वाले घटनाएं, अमेरिकी फेडरल रिजर्व का ब्याज दरों को लेकर नजरिया और बाजार का वैल्यूएशन है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 110 डॉलर के स्तर से गिरकर लगभग 95-96 डॉलर पर आ गई है। यह भारत के लिए अच्छी बात है। अगर अमेरिका-ईरान बातचीत में कोई बाधा आती है तो तेल की कीमतें फिर से मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि बाजार की नजरें यूएस फेड पर भी बनी हुई है। अमेरिका की मजबूत जॉब रिपोर्ट के कारण दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना करीब 80 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इसके साथ ही डॉलर में पिछले पांच महीनों की सबसे बड़ी एक दिवसीय तेजी देखने को मिली है। कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट ने भी भारतीय बाजार के प्रति सेंटीमेंट में सुधार आया है।

भारत की मजबूती निरपेक्ष नहीं,बल्कि सापेक्ष

एनालिस्ट्स का कहना है कि भारतीय बाजार तभी तक ग्लोबल मार्केट की गिरावट से अछूते रह सकते हैं जब तक कि ग्लोबल मार्केट की कमजोरी की वजह मुख्य रूप से AI और अमेरिकी टेक्नोलॉजी शेयरों से निवेशकों की बेरुखी तक ही सीमित रहती है। SEBI में रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट फर्म, HST वेल्थ के फाउंडर और CEO हरिसेलवन राधाकृष्णन ने कहा कि भारत की मजबूती निरपेक्ष (absolute)नहीं, बल्कि सापेक्ष (relative) है।

उन्होंने आगे कहा,"भारतीय बेंचमार्क में उन AI हार्डवेयर कंपनियों का एक्पोजर बहुत कम है,जिनकी वजह से ग्लोबल बाजारों में बिकवाली हो रही है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए एक पॉजिटिव मैक्रो फैक्टर है। साथ ही,जिन ग्लोबल फंडों ने भारत में बहुत कम निवेश कर रखा था वे अब वापस पैसा लगाना शुरू कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी के लहजे में कहा कि अगर विदेशी निवेशकों पर अपना पैसा निकालने (रिडेम्पशन) का दबाव बढ़ता है, तो यह ग्लोबल बिकवाली आगे चलकर भारतीय शेयर बाजारों पर भी अपना असर दिखा सकती है।

जब तक ग्लोबल बाजारों में एआई और अमेरिकी टेक शेयरों में बिकवाली की वजह से गिरावट आती है तभी तक भारतीय बाजार इस गिरावट से बचे रह सकते हैं। एक बात और ध्यान रखने की है कि रिडेम्पशन का सामना कर रहे ग्लोबल फंड उन शेयरों को बेचने के लिए मजबूर हो सकते हैं जिनमें लिक्विडिटी ज्यादा होती है और भारतीय लार्ज कैप उभरते बाजारों में सबसे तरल संपत्तियों में से हैं।

ऐसे में विदेशी बाजारों की बिकवाली का असर घरेलू बाजारों तक भी पहुंच सकता है, भले ही उन पर अर्निंग के लिहाज से कोई असर न पड़ा हो। राधाकृष्णन ने आगे कहा कि भारत पहले भी ग्लोबल बाजारों की मंदी से अछूता नहीं रहा है, जिसमें 2008 और 2020 की मंदी भी शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा रुझान की कोई समय-सीमा तय करने के बजाय निवेशकों को विदेशी फंड के प्रवाह,कच्चे तेल की कीमतों और बाजार में आई तेजी के दायरे पर नजर रखनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि वॉल स्ट्रीट में गिरावट के दिनों में भी कैश मार्केट में विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों का 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे बने रहना और लार्ज कैप शेयरों के अलावा अन्य शेयरों में भी तेजी आना, ये सब बाजार की मजबूती के बड़े संकेत होंगे। उन्होंने आगे कहा कि घरेलू SIP निवेश से बाजार को सपोर्ट तो मिलता है लेकिन इससे विदेशी निवेशकों की लगातार होने वाली बिकवाली की पूरी भरपाई नहीं हो सकती।

नवंबर में अब तक विदेशी निवेशकों ने हमारे बाजारों में लगभग 37,000 करोड़ रुपये की खरीदारी की है। सितंबर 2024 के बाद से यह उनका अब तक का सबसे बड़ा मंथली निवेश है। एनरिच मनी के फाउंडर और सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि भारतीय बाजार कुछ समय के लिए ग्लोबल बिकवाली के असर से बचे रह सकते हैं, लेकिन इस रुझान के हमेशा ऐसे ही बने रहने की संभावना कम है।

उन्होंने कहा कि भारत कुछ समय के लिए ग्लोबल बिकवाली के असर से अछूता रह सकता है,लेकिन हमेशा के लिए नहीं। AI के वैल्यूएशन से बाजार में करेक्शन आ सकता है। अर्निंग, घरेलू खपत और लोगों की क्रय शक्ति ही बाजार की लॉन्ग टर्म मजबूती तय करेंगे।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजयकुमार का कहना है कि भारत में FII की खरीदारी जारी रहने की संभावना है। इससे लार्ज-कैप शेयरों में और तेजी आ सकती है। यह समझना जरूरी है कि बाजार में बड़े बदलावों के दौरान, FII का निवेश इंडेक्स के वेटेज के हिसाब से होता है।

 

Market Outlook : हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, जानिए 10 नवंबर को कैसी रह सकती है इसकी चाल

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।